विधानसभा क्षेत्र आत्म नगर के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन पूरी करने वाले पहले 30 युवाओं को विधायक सिद्धू ने मेडल देकर सम्मानित किया।

श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार के आयोजनों की कड़ी में शुक्रवार को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) में 5 किलोमीटर की मैराथन करवाई गई।
खेलों से ऊर्जा को मिलेगी सकारात्मक दिशा
विधायक सिद्धू ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाना बड़ी चुनौती है। ऐसे में खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। नियमित खेल गतिविधियों से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी खेलों से जुड़ेगी तो वह अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों में लगा सकेगी और समाज एवं प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
गुरु रविदास की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक
सिद्धू ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की महान वाणी और शिक्षाएं मानवता को समानता, एकता, आपसी भाईचारे और सांझीवालता का संदेश देती हैं। सामाजिक बराबरी और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को केंद्र में रखने वाली गुरु साहिब की विचारधारा आज के दौर में भी उतनी ही प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं बच्चों और युवाओं को सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर बेहतर एवं सार्थक जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। मैराथन जैसे आयोजनों के माध्यम से इन संदेशों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।