Farrukhabad News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन पहुंचे। यहां पिछले दिनों गंगा में आई बाढ़ से प्रभावित गांवों के करीब 1000 लोगों को राहत सामग्री वितरित की गई।

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को अपने हाथों से राहत सामग्री दी और बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। कार्यक्रम में 31 बाढ़ पीड़ितों को भूमि का पट्टा भी दिया गया। इन लाभार्थियों को पट्टे पर मिली भूमि पर मकान बनाने के लिए प्रत्येक को 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक दिया गया। इससे बाढ़ में प्रभावित परिवारों को दोबारा अपना आशियाना खड़ा करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए पुलिस लाइन में वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया था। इसमें करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पंडाल खचाखच भर गया। बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित परिवार और अन्य लोग मुख्यमंत्री को सुनने के लिए पहुंचे।
गंगा में आई बाढ़ के दौरान जिले के कई गांव प्रभावित हुए थे। राहत सामग्री वितरण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों का हाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे।