
सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में शनिवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में अत्यंत उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल का जन्मदिवस भी सहर्ष आयोजित किया गया।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश मंत्री (पांचजन्य) अरुण कुमार प्रांत पर्यावरण गतिविधि प्रमुख विकास कुमार, प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल तथा समस्त शिक्षकवृंद ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर किया। समारोह में प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल ने मेजर ध्यानचंद के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारतीय फील्ड हॉकी के अद्वितीय खिलाड़ी थे, जिन्हें खेल जगत में सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। उनकी अद्भुत गोल करने की क्षमता के बल पर भारत ने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में लगातार तीन स्वर्ण पदक हासिल किए थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का मुख्य उद्देश्य देश में युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक व प्रोत्साहित करना तथा खिलाड़ियों के योगदान को सम्मानित करना है। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अपने जन्मदिवस के अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल ने प्रतिभागी व विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस कार्यक्रम के दौरान अरुण कुमार कौशिक, राजीव कुमार, नीरज गुप्ता, अशोक कुमार, महेंद्र प्रकाश सैनी, मुकेश दिवाकर, हनी वशिष्ठ, शिवम कुशवाहा, यश कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा सहित समस्त शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



