गांव गजनीवाला के खेतों में नशे की ये खेप पकड़ी गई है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान से यह खेप सतलुज नदी से होकर लाई गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर बीएसएफ और सीआई की टीम को सफलता मिली।

काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने बीएसएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। संयुक्त टीम ने गांव गजनीवाला के खेतों में चलाए गए घेराबंदी एवं तलाशी अभियान के दौरान 44.5 किलो हेरोइन व तीन किलो आइस ड्रग पकड़ी है।
सतलुज दरिया से आई थी खेप
ये पाकिस्तान से सतलुज दरिया के रास्ते से आने की बात कही जा रही है। खेप खेत में छिपा रखी गई थी। सीआई फिरोजपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से भारी मात्रा में हेरोइन की खेप आई है जो छिपा कर रखी गई है।
46 पैकेट हेरोइन के बरामद
इसके आधार पर सीआईए फिरोजपुर और बीएसएफ की टीम ने गांव गजनीवाला के खेतों में संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने 44.5 किलोग्राम हेरोइन और तीन किलोग्राम ‘आइस ड्रग’ बरामद की है। 46 पैकेट हेरोइन के मिले हैं, जो लाल रंग की टेप से लिपटे हुए थे। जबकि तीन पैकेट आइस ड्रग के मिले हैं जो पीली टेप से लिपटे हुए थे।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, फाजिल्का में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बरामद हेरोइन व आइस ड्रग सीमा पार से भारत पहुंचाने वाले नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। जांच के दौरान तस्करी से जुड़े आरोपियों, उनके आगे और पीछे के संपर्कों तथा सीमा पार बैठे हैंडलरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। बीएसएफ और पुलिस पूरे गांव में छानबीन कर रही है। यही नहीं गांव के संदिग्ध व्यक्तियों को काबू कर सख्ती से पूछताछ किया जा रहा है।


