उत्तर प्रदेश के शामली जिले से सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां हरियाणवी सिंगर व एक्टर अंकित बालियान को गोलियों से भून दिया गया। उन्हें पांच गोली मारकर हत्या की गई। शुरुआती जानकारी सामने आई है कि जिम में आए फोन पर बहस हुई थी। इसके बाद जब वो जिम से बाहर आए और कार में बैठे तो उन पर हमला कर दिया गया।

शामली शहर के बीच आर्यपुरी नाला पटरी पर कोतवाली के नजदीक बुधवार की देर शाम करीब 6:45 बजे बाइक से आए चार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग करके हरियाणवी सिंगर व एक्टर अंकित बालियान (35) की हत्या कर दी। बावरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी अंकित के जिम से बाहर निकलते के बाद गाड़ी में बैठते ही हमला किया गया। अंकित के सिर, छाती और पेट में पांच गोलियां लगने के निशान मिले हैं।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अंकित बालियान पिछले कुछ समय से हरियाणा के सोनीपत में रहे थे। पिछले करीब छह माह से वह शामली के अपने गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। वह जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वार्ड तीन से संभावित प्रत्याशी के पोस्टर भी लगा दिए थे।
जिम में आई कॉल पर हुई बहस, बाहर निकलते ही मार दी गोली
बुधवार की शाम को अंकित अपनी स्कार्पियो से गांव से नाला पटरी आर्यपुरी स्थित जिम गए थे। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिम में अंकित को किसी ने फोन किया था। कॉल करने वाले से अंकित की तीखी बहस हुई थी।
इसके बाद वह जिम से बाहर आकर अपनी गाड़ी में बैठ गए थे। इसी बीच चारों हमलावर आए और गाड़ी का गेट खोलकर अंकित पर पिस्टलों से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पांच गोलियां अंकित के शरीर में लगीं। कुछ गाड़ी के शीशे पर लगी हैं।
20 से ज्यादा राउंड फायरिंग करके हमलावर बाइक से भाग गए। घायल अंकित अपनी गाड़ी से नीचे गिर गए। उनके परिचित उन्हें सीएचसी शामली ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पिता सेना से रिटायर्ड, पत्नी हैं शिक्षिका
ग्रामीणों ने बताया कि अंकित बालियान से बड़ी दो बहनें हैं और एक छोटा भाई है। दोनों बहनों और अंकित की शादी हो चुकी है। अंकित की पत्नी खजूरीखास में शिक्षिका हैं। अंकित के पिता सत्यवीर सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। वर्तमान में गांव में खेती करते हैं।
शिक्षिका से किया था प्रेम विवाह
कपिल ने बताया कि अंकित ने करीब चार साल पहले दिल्ली के खजूरी खास निवासी शिक्षिका ज्योति से प्रेम विवाह किया था। इसी कारण वह खजूरी खास में पत्नी के साथ भी रहते थे।
अंकित का शव गोद में रखकर मां बोली हत्यारोपियों का एनकाउंटर किया जाए
पुलिस जब अंकित के शव को पोस्टमार्टम हाउस ले जा रही थी तभी परिजन और ग्रामीण पहुंच गए। इन्होंने पुलिस से शव छीन लिया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने वीवी इंटर कॉलेज रोड पर वर्मा मार्किट के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगाकर हंगामा कर दिया।
अंकित की मां बेटे का सिर अपने गोद में लेकर बैठ गईं। उन्होंने मांग की कि हत्यारोपियों का एनकाउंटर किया जाए। एसपी एनपी सिंह व एएसपी सुमित शुक्ला ने पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को समझाया। देर रात करीब 12 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने जाम खोला।
जानिए कौन थे अंकित बालियान
अंकित बालियान मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। पिछले कई वर्षों से वह सोनीपत और रोहतक में रह रहे थे। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में उन्होंने सिंगर और अभिनेता के तौर पर पहचान बनाई थी। उनका सबसे चर्चित गाना, भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान… रहा। इस गाने के बाद अंकित हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में तेजी से चर्चित हुए। इसके बाद उन्होंने कई गानों और म्यूजिक वीडियो में काम किया।
20 से अधिक नए गानों पर कर रहे थे काम
कपिल ने बताया कि अंकित 20 से अधिक नए हरियाणवी गानों पर काम कर रहे थे। इन गानों को अगले महीने रिलीज करने की तैयारी थी। वह लगातार शूटिंग और अन्य तैयारियों में जुटे हुए थे।
चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे अंकित
अंकित चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी दोनों बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। अंकित की भी शादी हो चुकी थी और उनकी पत्नी शिक्षिका हैं। उनका एक छोटा भाई है। हत्या की वारदात के बाद पैतृक गांव बंतीखेड़ा में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के शामली पहुंचने के कारण गांव में भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
शहर बना छावनी, भारी पुलिस बल तैनात
अंकित बालियान की हत्या के बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। जिले के आसपास के थानों की पुलिस बुलाई गई है। गुरुद्वारा तिराहे पर व अन्य स्थानों पर बेरिकेडिंग कर वाहनों को रोककर बाईपास से निकाला गया।
गांव बंतीखेड़ा से ग्रामीणों की ज्यादा भीड़ आने की आशंका के चलते भी सतर्क रही। मौके पर गांव बहावड़ी से बाबा श्याम सिंह भी ग्रामीणों के साथ जाम स्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शामली पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाकर आक्रोश जताया।
हत्यारोपियों के घर पर चले बुलडोजर, जिम्मेदार पुलिस अफसरों पर हो कार्रवाई
जाम व हंगामे के दौरान ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि हत्यारोपियों के घरों पर बुल्डोजर चलना चाहिए। उनका एनकाउंटर होना चाहिए। इस दुस्साहसिक वारदात करने वालों का भी यही अंजाम होना चाहिए । जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती तब तक वे शव को नहीं उठने देंगे और न ही जाम खोलेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि चार घंटे बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पाई।
अंकित बालियान हत्याकांड से गरमाई सियासत, पूर्व सीएम ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर हत्या कर दी गई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश है और अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सामाजिक माध्यम पर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था शून्य हो गई है। उन्होंने शामली में अंकित बालियान की बेरहमी से हत्या को भयावह बताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने मृतक की मां द्वारा बेटे के शव को गोद में रखकर शोक व्यक्त करने के दृश्य को हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि जाट समाज ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आवाज उठाई है।
उत्तर प्रदेश का जाट समुदाय इस घटना को अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है। अखिलेश यादव ने हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के दृष्टिकोण से भी करने की मांग की। उन्होंने घटना को निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।
जाट समाज ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। समुदाय इस घटना को अपने ऊपर हमला मान रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के एंगल से भी जांच की बात कही। उन्होंने दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग दोहराई।
हत्यारों की तलाश में एसओजी व सर्विलांस समेत पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। – एनपी सिंह, एसपी शामली