कस्बा के यूनियन पब्लिक स्कूल में छात्राओं ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की उन्नति अकी कामना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को राखियां भेजीं हैं, साथ ही मुख्यमंत्री के प्रति अपना सम्मान, स्नेह और शुभकामनाएं व्यक्त कीं हैं।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री को राखी भेजते हुए छात्राओं ने बताया कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा, विश्वास, अपनत्व और सम्मान की भावना का प्रतीक है। इसी भावना के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही प्रदेश की उन्नति, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। छात्राओं ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश में बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान के लिए किए जा रहे प्रयासों से उनके अंदर सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की भावना मजबूत हुई है। विद्यालय के डायरेक्टर आकाश सिंह ने छात्राओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, संस्कार, राष्ट्रीय भावना और सम्मान की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा भेजी गई राखियां रक्षाबंधन के पर्व को एक विशेष भावनात्मक संदेश से जोड़ती हैं। विद्यालय की निदेशिका माधुरी राजावत ने छात्राओं की पहल को प्रेम, विश्वास, सम्मान और शुभकामनाओं का सुंदर प्रतीक बताया। उन्होंने छात्राओं को भारतीय संस्कृति एवं त्योहारों की भावनाओं से जुड़कर सामाजिक संदेश देने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना की।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS


