आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लोक अदालत में अधिक से अधिक मुकदमों के निस्तारण के उद्देश्य से जारी किए गए समन और नोटिस की समयबद्ध तामीली को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
गुरूवार को उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेशानुसार और जनपद न्यायाधीश अध्यक्ष विनय कुमार के निर्देशानुसार यह बैठक हुई। कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अपर जनपद न्यायाधीश व नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार ने की। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चैधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुलभ और त्वरित न्याय दिलाना है। इसके लिए विभागीय स्तर पर लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित न्यायालयों और विभागों द्वारा जारी समन व नोटिसों की शत-प्रतिशत तामीली समय से कराई जाए, ताकि नियत तिथि पर पक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, एआरटीओ लक्ष्मण प्रसाद, तहसीलदार सोनू बघेल, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता लव कुमार, नगर पालिका के कनिष्ठ अधीक्षक महेंद्र प्रताप और जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने लोक अदालत में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS

