सासनी क्षेत्र के करीब 40-50 गांवों के किसानों और ग्रामीणों को बड़ी राहत देने के लिए युवा किसान संगठन मोर्चा ने ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे (एनएच-509) पर ग्राम बिधैपुर के पास कट और लिंक रोड बनाने की पुरजोर मांग की है। इस सिलसिले में संगठन के प्रतिनिधियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय को एक ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की इस प्रमुख समस्या और आवश्यकता से अवगत कराया।
बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष को सौंपे ज्ञापन में संगठन के प्रतिनिधियों का कहना है कि सासनी क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग लंबे समय से इस एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ने की मांग कर रहे हैं। ग्राम बिधैपुर के पास कट और लिंक रोड का निर्माण होने से इस पूरे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी और स्थानीय निवासियों का आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। ज्ञापन में इस मांग के पूरा होने से मिलने वाले कई महत्वपूर्ण लाभों का भी विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। किसानों का मानना है कि एक्सप्रेसवे से सीधा जुड़ाव होने पर वे अपनी ताजी फल-सब्जियां, दूध और अन्य कृषि उपज बिना किसी अतिरिक्त देरी के आगरा, अलीगढ़, दिल्ली और नोएडा की बड़ी मंडियों तक तय समय पर आसानी से पहुंचा सकेंगे। इसके अलावा, एक्सप्रेसवे के किनारे विभिन्न व्यावसायिक और औद्योगिक गतिविधियां विकसित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इस ज्ञापन सौंपने वालों में युवा किसान संगठन मोर्चा के प्रमुख सदस्यों में राहुल महाजन, देवेश पचैरी, पुनीत उपाध्याय और अभिषेक वशिष्ठ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS




