बादल के परिजनों के अनुसार लंदन की पूनम पाकिस्तान में बादल की पैरवी कर रहे वकील के संपर्क में है और कानूनी प्रक्रिया में आर्थिक मदद भी कर रही है। हालांकि, पिछले करीब 20 दिनों से परिवार की पूनम से बातचीत नहीं हो पाई है।

पाकिस्तान की जेल में सजा पूरी करने के बाद भी वतन वापसी का इंतजार कर रहे अलीगढ़ में नगला खिटकारी निवासी बादल बाबू के परिवार को अब लंदन की रहने वाली पूनम से मदद की उम्मीद जगी है। करीब एक माह पहले पूनम ने फोन पर बादल के परिजनों से संपर्क किया और उसकी रिहाई का रास्ता बताते हुए मदद का भरोसा दिया।
परिजनों के मुताबिक, बादल दिल्ली में सिलाई का काम करता था। इसी दौरान फेसबुक पर उसकी दोस्ती पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की रहने वाली सना रानी से हुई। बातचीत बढ़ी तो दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद बादल बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के 2024 में दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में पाकिस्तान पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूनम ने बताया वापसी का रास्ता
बादल के पिता के अनुसार, करीब एक माह पहले लंदन निवासी पूनम ने फोन कर कहा कि वह उनकी मदद कर रही है। उसने पाकिस्तान में बादल के वकील से संपर्क होने की बात बताई और दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास के माध्यम से पाकिस्तान सरकार को पत्र भेजने की सलाह दी। पूनम की ओर से कानूनी पैरवी में मदद और खर्च उठाए जाने की बात ने परिवार को नई उम्मीद दी है। अब परिवार चाहता है कि यह मदद रंग लाए और बादल जल्द अपने घर लौट सके।




