कोतवाली क्षेत्र के गांव सठिया में एक युवक द्वारा मोबाइल पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद उसके भाई के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सठिया निवासी कुलदीप तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही युवक आकाश आए दिन उसे, उसके परिवार और रिश्तेदारों को गाली-गलौज कर परेशान करता है तथा जान से मारने की धमकी देता रहता है। आरोप है कि घटना वाले दिन आकाश ने मोबाइल फोन पर कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार, उसी दिन शाम को आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके भाई पर डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसके भाई के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद परिजनों ने घायल का उपचार कराया और मामले की शिकायत पुलिस से की। कुलदीप तिवारी ने तहरीर में आशंका जताई है कि यदि उसके परिवार के किसी सदस्य के साथ भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आरोपी आकाश की होगी। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



