नियमित कर्मचारियों के काम पर लौटने से पावर सब-स्टेशनों का संचालन अब सामान्य हो जाएगा। हड़ताल के दौरान सब-स्टेशनों पर तैनात एसडीओ, जेई और अन्य अधिकारियों को अब फील्ड में भेजा जाएगा, जिससे फॉल्ट दूर करने और लंबित शिकायतों के निपटारे में तेजी आएगी।

पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के नियमित कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो चुकी है, लेकिन होशियारपुर जिले के बिजली उपभोक्ताओं को अभी पूरी राहत मिलने में समय लग सकता है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि बिजली लाइनों की मरम्मत और फॉल्ट ठीक करने वाले अधिकतर आउटसोर्स एवं ठेका कर्मचारी अब भी हड़ताल पर हैं। ऐसे में लंबित शिकायतों के निपटारे की रफ्तार अभी भी प्रभावित रहने की संभावना है।
सबसे अधिक 12,029 शिकायतें होशियारपुर सिटी डिवीजन में दर्ज हुईं। इनमें से 5,763 शिकायतों का निपटारा किया गया, जबकि 6,088 शिकायतें लंबित रहीं। मुकेरियां डिवीजन में 9,063 शिकायतें मिलीं, जिनमें 3,150 का समाधान हुआ और 5,533 शिकायतें लंबित रहीं।
सब-अर्बन होशियारपुर डिवीजन में 10,022 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4,272 का निपटारा किया गया और 5,577 शिकायतें अभी भी लंबित हैं। भोगपुर डिवीजन में 2,126 शिकायतों में से 1,368 का समाधान हुआ, जबकि 679 शिकायतें शेष हैं।
वहीं दसूहा डिवीजन ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। यहां प्राप्त 5,935 शिकायतों में से 5,835 का समाधान कर दिया गया और कोई शिकायत लंबित नहीं रही। गढ़शंकर/माहिलपुर डिवीजन में 3,978 शिकायतों में से 3,204 का निपटारा हुआ, जबकि 643 शिकायतें लंबित रहीं।
एसई ने कहा कि नियमित कर्मचारियों के काम पर लौटने से पावर सब-स्टेशनों का संचालन अब सामान्य हो जाएगा। हड़ताल के दौरान सब-स्टेशनों पर तैनात एसडीओ, जेई और अन्य अधिकारियों को अब फील्ड में भेजा जाएगा, जिससे फॉल्ट दूर करने और लंबित शिकायतों के निपटारे में तेजी आएगी।