
अदाकारा और मशहूर डांसर हेलेन के नाम पर दर्शकों की भीड़ सिनेमाघरों में फिल्म देखने टूट पड़ती थी। एक दौर था जब हेलन का सिर्फ नाम ही काफी थी। उन्होंने बॉलीवुड के कुछ सबसे यादगार डांस परफॉर्मेंस दी हैं। हेलेन ने हाल ही में इसे लेकर दिलचस्प खुलासा किया कि गानों को करने में वे खुद किस तरह एफर्ट्स डालती थीं। यह उनके डांस के अलावा फैशन से भी जुड़े थे।
बोलीं- ‘चीजें खोजने विदेशों की यात्राएं कीं’
हेलेन ने ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ के एक एपिसोड में बताया कि उन्होंने खुद कई ऐसी एक्सेसरीज चुनीं, जो उनके ग्लैमरस कैबरे डांस की पहचान बन गईं। हेलेन ने कहा कि वे हमेशा चाहती थीं कि उनके कॉस्ट्यूम अनोखे लगें। सिर्फ स्थानीय स्तर पर मिलने वाली एक्सेसरीज पर निर्भर रहने के बजाय, उन्होंने ऐसी चीजें खोजने के लिए विदेश की यात्रा कीं, जो उनके परफॉर्मेंस को एक अलग विजुअल पहचान दे सकें।
अपने डांस नंबर्स की तैयारी को याद करते हुए हेलेन ने बताया कि वे अपने लुक की हर छोटी-बड़ी चीज पर खुद ध्यान देती थीं। उन्होंने खुद ऐसी एक्सेसरीज और फैशन की चीजें चुनीं, जो उस समय भारत में आम नहीं थीं। उन्होंने कहा, ‘मैं लंदन गई और वहां से नीले, भूरे और हरे रंग के लेंस और खास आईलैश (पलकें) लेकर आई। मेरे हेडगियर (बालों की एक्सेसरजी) मेरे हेयरड्रेसर ने बनाए थे। मैं अपनी कॉस्ट्यूम के लिए असली पंख लेने पेरिस भी गई थी। मेरी ज्वेलरी, बड़े गॉगल्स और एक्सेसरीज, ये सब मैंने इसलिए, चुना ताकि मैं जमाने से आगे रह सकूं’।
शो के जज जावेद जाफरी ने बॉलीवुड फैशन और डांस पर हेलेन के असर को याद किया और उन्हें ट्रिब्यूट दिया। उन्होंने कहा कि उनके बोल्ड कॉस्ट्यूम, शानदार परफॉर्मेंस और स्क्रीन पर उनके कॉन्फिडेंस भरे अंदाज ने हिंदी फिल्मों में ग्लैमर को पेश करने का तरीका बदल दिया। उनके मुताबिक, उन्होंने नए ट्रेंड सेट किए और साथ ही कई पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित भी किया। करिश्मा कपूर ने भी अपनी मां से जुड़ी एक याद शेयर की। उन्होंने कहा, ‘मेरी मां मुझे बताती थीं कि जब भी हेलेन जी सेट पर आती थीं, तो सब लोग सम्मान के साथ शांत हो जाते थे। ठीक वैसे ही जैसे शम्मी कपूर के आने पर होता था’। करिश्मा कपूर ने यह भी बताया कि हेलेन रिहर्सल के दौरान बहुत तेजी से कोरियोग्राफी सीख लेती थीं, जिसके लिए उनके प्रोफेशनलिज्म और हुनर की तारीफ की जाती थी।