
रिमझिम बरसात के चलते गांव नगला भम्भू जाट से निकलने वाले संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। जगह-जगह गड्ढों और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से मार्ग सही कराने की गुहार लगाई है।
मंगलवार को नगला भंभू जाट निवासी ओवेश कुशवाहा, सुमेर सिंह, राकेश कुमार, पंचम सिंह, प्रकाशी और कालीचरण ने बताया कि सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आवागमन करना बेहद मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर दिलाया गया, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम प्रधान पप्पू सिंह कुशवाहा ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति और जलभराव की समस्या को लेकर उन्होंने खंड विकास अधिकारी को लिखित एवं मौखिक रूप से शिकायत दी है। इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो वे संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और स्थायी समाधान सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके। स्कूली बच्चों, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण वाहन फंस जाते हैं तथा दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक, सांसद और प्रशासन से मांग की है कि गांव की इस महत्वपूर्ण सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया अभी बजट नहीं है आने के बाद किया जायेगा
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS
