Palwal: वृंदावन से लौटते समय सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, छह लोग घायल; दोनों वाहनों के उड़े परखच्चे

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

पलवल में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में ग्रेटर नोएडा के दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गईजबकि छह लोग घायल हो गए।
Two friends died and three are in critical condition following a road accident returning from Vrindavan

नेशनल हाईवे-19 पर रविवार सुबह होडल के गौढ़ोता चौक के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक दंपती और उनके बेटे सहित छह लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद करीब 10 से 15 फुट हवा में उछलकर दूसरी कार के ऊपर जा गिरी।

थाना प्रभारी बलजीत सिंह के अनुसार वृंदावन के कृष्ण धाम निवासी आकाश पंवार ने शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी ज्योति और बेटे शिवांश के साथ कार से दिल्ली से वृंदावन लौट रहे थे। रविवार सुबह जब उनकी कार गौढ़ोता चौक के पास पहुंची, तभी मथुरा की ओर से तेज गति से आ रही एक कार डिवाइडर से टकराकर हवा में उछलते हुए उनकी कार पर आ गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूसरी कार में सवार युवक सड़क पर जा गिरे और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे में ग्रेटर नोएडा (दादरी) निवासी हिमांशु (20) और निशांत (18) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आकाश पंवार, उनकी पत्नी ज्योति, बेटा शिवांश तथा दूसरी कार में सवार लक्की, शिवम और एक अन्य निशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तुरंत होडल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतक हिमांशु के भाई भारत ने बताया कि हिमांशु वकालत की पढ़ाई कर रहा था। वह शनिवार शाम अपने दोस्तों निशांत, लक्की, शिवम और एक अन्य साथी के साथ दादरी से कोसीकलां स्थित शनिदेव कोकिलावन मंदिर और बरसाना स्थित राधारानी मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान होडल के पास यह हादसा हो गया।
पुलिस ने आकाश पंवार की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच जारी है। 

priya singh
Author: priya singh

The Voice behind the Mic. The Pen behind the Truth. 👑 🎙️ News Anchor | Digital Scribe 🖋️ Crafting perspectives, delivering facts, and documenting history in black & white. 🏛️ Where eloquence meets hard-hitting journalism. 👇 Read the untold stories below.

सबसे ज्यादा पड़ गई