बुधवार रात रमेश के मोबाइल पर फोन आया। वह फोन पर बात करने के लिए खेतों की ओर चला गया। इसी दौरान पास की हड्डा रोड़ी के आसपास घूम रहे करीब 12-13 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

जगरांव के नजदीकी गांव पब्बियां में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ।
मृतक की पहचान रमेश मंडल (पुत्र जागेश्वर), निवासी मख्खनाहा, जिला पूर्णिया (बिहार) के रूप में हुई है। वह हर साल की तरह इस बार भी गांव पब्बियां के किसान हरबंस सिंह के खेतों में धान की रोपाई करने अपने साथियों के साथ आया था।
सुबह जब साथी मजदूर उठे तो खेत में रमेश का लहूलुहान और क्षत-विक्षत शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी चौकीमान के प्रभारी सुखमंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।