भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री का पदभार संभालने के बाद यतेन्द्र शर्मा मंगलवार को पहली बार अपने गृह सासनी जनपद हाथरस पहुंच रहे हैं। सुबह करीब दस बजे वह सासनी स्थित अपने पैतृक आवास पर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले भर में उनके स्वागत की तैयारियां कई दिनों से चल रही हैं और समर्थक इस पल को यादगार बनाने के लिए उत्साहित हैं।
यतेन्द्र शर्मा के पहली बार गृह जनपद आगमन को लेकर जगह-जगह कई स्थानों पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और स्वागत कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ उनका स्वागत करने की तैयारी कर रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश संगठन में हाथरस को मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर पूरे जिले को गर्व है और इसी खुशी को भव्य रूप से मनाने की तैयारी थी। हालांकि, इस उत्साह के बीच दूरभाष पर यतेन्द्र शर्मा ने अपने समर्थकों से एक भावुक और जिम्मेदार अपील की है। उन्होंने कहा है कि उनका स्वागत भव्यता से नहीं, बल्कि सादगी, अनुशासन और सेवा की भावना के साथ किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे बड़ी संख्या में गाड़ियों के काफिले के साथ उन्हें रिसीव करने न आएं और अनावश्यक भीड़ से बचें। यतेन्द्र शर्मा ने अपनी अपील में कहा कि हाल ही में हुए लखनऊ हादसे और मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सादगी और संवेदनशीलता का संदेश देते हुए पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील की है। ऐसे समय में उत्सव से अधिक समाज और व्यवस्था के प्रति जिम्मेदारी निभाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक वाहन रैली और बड़े काफिलों से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है, जिससे आम लोगों और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसलिए सभी कार्यकर्ता और समर्थक सीधे उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर सादगीपूर्ण वातावरण में मुलाकात करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह और आशीर्वाद ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। स्वागत की भव्यता से अधिक महत्वपूर्ण कार्यकर्ताओं का विश्वास, जनता का प्रेम और संगठन के प्रति समर्पण है। उन्होंने सभी से अनुशासन बनाए रखने और संगठन की गरिमा के अनुरूप व्यवहार करने की अपील की। यतेन्द्र शर्मा की इस अपील की भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच भी खूब सराहना हो रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ऐसे समय में, जब राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के लिए अक्सर बड़े-बड़े काफिले और भीड़ जुटाई जाती है, तब सादगी और जनसुविधा को प्राथमिकता देने का संदेश एक सकारात्मक उदाहरण पेश करता है। अब मंगलवार को सासनी स्थित उनके पैतृक आवास पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों के पहुंचने की संभावना है, जहां सादगीपूर्ण लेकिन आत्मीय माहौल में उनका स्वागत होगा। प्रदेश मंत्री बनने के बाद गृह जनपद में उनका यह पहला आगमन न केवल संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि यह संदेश भी देगा कि जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक संवेदनशीलता और जनहित को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS

