
लगभग एक महीने पहले ‘अल्फा’ की एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शरवरी की समय रैना के शो ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट’ के सेट पर एक फोटो वायरल हुई थी। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि कॉमेडियन अपने शो के दूसरे सीजन की शुरुआत आलिया और शरवरी को गेस्ट के तौर पर बुलाकर कर सकते हैं। अब समय ने खुद इस बात की पुष्टि कर दी है। शो के दूसरे सीजन की ऑफिशियल घोषणा करने के बाद अब समय ने ये पुष्टि कर दी है कि दूसरे सीजन के पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ गेस्ट के तौर पर नजर आएंगी।
समय रैना ने पोस्ट के जरिए किया कंफर्म
कॉमेडियन समय रैना ने इंस्टाग्राम पर ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 के पहले एपिसोड का यूट्यूब लिंक शेयर किया। वीडियो के थंबनेल में आलिया और शरवरी की भी फोटो है, जिसमें वे हंसती हुई दिख रही हैं। आलिया ने एक कैप पहनी है, जिस पर ‘Alpha’ लिखा है। फोटो में इन दोनों स्टार्स के अलावा समय रैना, कॉमेडियन आशीष सोलंकी और बलराज घई भी नजर आ रहे हैं। लिंक शेयर करते हुए समय ने आलिया और शरवरी को टैग किया और कैप्शन लिखा, ‘क्या हम शो शुरू करने के लिए तैयार हैं?’
फैंस बोले- इतिहास की सबसे शानदार वापसी
समय की इस पोस्ट और वापसी पर अब फैंस की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘भाई बैन हुआ, पूरा सीजन डिलीट किया और नेटफ्लिक्स डील के साथ वापसी की। इंटरनेट कल्चर का जबरदस्त जलवा।’ एक और कमेंट में लिखा, ‘इंडियन डिजिटल कंटेंट के इतिहास में सबसे शानदार वापसी। बस बात खत्म।’
यूट्यूब और नेटफ्लिक्स पर आएगा सीजन 2
समय का शो शनिवार शाम को नेटफ्लिक्स और यूट्यूब दोनों पर रिलीज होगा। जहां नेटफ्लिक्स पर आने वाला शो बिना विज्ञापनों के होगा, वहीं यूट्यूब वाले वर्जन में बीच-बीच में विज्ञापन आएंगे।
शो का पहला सीजन, जो यूट्यूब पर स्ट्रीम हो रहा था, उसमें एक एपिसोड के दौरान गेस्ट रणवीर अल्लाहबादिया की बातों को लेकर काफी विवाद हुआ था। इस घटना की काफी आलोचना हुई और कई FIR और कानूनी मामले दर्ज किए गए। इस विवाद के बाद समय रैना को यूट्यूब से शो के सभी एपिसोड हटाने पड़े।


