शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के इस संदेश को आत्मसात करते हुए समाज कल्याण विभाग युवाओं को आगे बढ़ने का यह बेहतरीन मौका दे रहा है। यूपी सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए विभाग द्वारा सत्र 2026 के लिए आईएएस और पीसीएस की निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
बुधवार को यह जानकारी देते हुए रूदायन रोड स्थित अंबेडकर सम्यक पुस्तकालय एवं वाचनालय के राजेश बौद्ध ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को न केवल प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षाओं के लिए देश के अनुभवी शिक्षकों द्वारा विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा, बल्कि उन्हें निःशुल्क अध्ययन सामग्री (स्टडी मटेरियल) और रहने के लिए निरूशुल्क आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि अठारह जून और प्रवेश परीक्षा की तिथि पांच जुलाई को होगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण व स्थानीय अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र में भी विशेष व्यवस्था की गई है। ऑनलाइन आवेदन, छात्रवृत्ति, और प्रवेश फॉर्म भरवाने के लिए अभ्यर्थी प्रकाश एकाडमी विद्यालय के सामने उनसे सुराज कम्यूनिकेशन पर संपर्क कर सकते हैं। समय कम होने के कारण विभाग ने अभ्यर्थियों से शीघ्र आवेदन करने की अपील की है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS