गांव नगला फतेला के होनहार लाड़ले मनीष कुशवाहा ने डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान आरएमएलआईएम लखनऊ से एमबीबीएस की डिग्री कड़ी मेहन सफलतापूर्वक प्राप्त कर अपने परिवार, गांव और पूरे हाथरस क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बता दें कि डॉ. मनीष की सफलता का सफर कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प की एक प्रेरणादायक कहानी है। वर्ष 2020 में आयोजित नीट एण्ड यूजी परीक्षा में उन्होंने 720 में से 642 अंक हासिल कर 5507 ऑल इंडिया रैंक प्राप्त की थी। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर उन्होंने प्रतिष्ठित आरएमएलआईएमएस में प्रवेश पाया और अपनी चिकित्सा शिक्षा पूरी की। अपनी सफलता का श्रेय देते हुए डॉ. मनीष ने बताया कि यह मुकाम बिना परिवार के सहयोग के संभव नहीं था। उन्होंने विशेष रूप से अपने चाचा डॉ. अमित कुशवाहा के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बचपन से ही उनकी शिक्षा की नींव मजबूत की और कोटा भेजकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई।
विपरीत परिस्थितियों में भी चाचा का मार्गदर्शन और निरंतर हौसला बढ़ाना उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा। साथ ही, उन्होंने अपने माता-पिता श्री दलवीर सिंह कुशवाहा और श्रीमती ममतेश कुशवाहा के त्याग एवं आशीर्वाद के साथ-साथ अपने छोटे भाई विकास कुशवाहा के सहयोग को भी अपनी सफलता का आधार बताया। डॉ. मनीष ने कहा कि चिकित्सा सेवा जैसे सम्मानित पेशे में आना उनका सपना था। उन्होंने यह उपलब्धि उन सभी युवाओं को समर्पित की है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनका मानना है कि सही मार्गदर्शन और अथक प्रयासों से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई है कि वे एक संवेदनशील चिकित्सक के रूप में समाज की सेवा कर क्षेत्र का मान और अधिक बढ़ाएंगे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS