
बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था हेतु योग के अंतर्गत सासनी-रूदायन रोड स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय पर एक विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक लाभों से अवगत कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के तहत योग सहायक सुदेश कुमार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम सहित तीस से भी अधिक प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान योग सहायक ने बताया कि नियमित योगाभ्यास बढ़ती आयु में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने, तनाव को कम करने तथा जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्रक्रम में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन और वज्रासन का अभ्यास कराया गया वहीं अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं कपालभाति जैसे प्राणायाम का अभ्यास कराकर स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। योग शिक्षक ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकत्री, आशा और एएनएम समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में रीढ़ की हड्डी की तरह काम करती हैं, इसलिए उन्हें प्रशिक्षित कर सासनी क्षेत्र के जनसामान्य तक योग एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश प्रभावी रूप से पहुँचाया जा सकेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नियमित योगाभ्यास करने तथा अपने-अपने कार्यक्षेत्र में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय प्रभारी डाक्टर सुशील वुद्धप्रिय एवं डा. प्रिंसी पुरवा ने संयुक्त रूप से बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन हेतु क्षेत्र में गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जा रही हैं।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS


