Haryana: नर्सिंग स्टाफ से विवाद पर महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने दिया इस्तीफा, सीएम को सौंपा त्यागपत्र

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। नर्सिंग स्टाफ से विवाद के बाद उन्होंने ये कदम उठाया है।
State Women Commission Chairperson Renu Bhatia has resigned
कुरुक्षेत्र जिला अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ से विवाद के बाद हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र भेज अपना त्यागपत्र सौंपा और उसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है।

रविवार को रेनू भाटिया पहुंची थीं एलएनजेपी अस्पताल
कुरुक्षेत्र जिला अस्पताल में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के बाद रेनू भाटिया रविवार को जांच के लिए पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान सीएमओ और पीएमओ को फटकार लगाई थी। वहीं, नर्सिंग स्टाफ को कहा था कि क्या कोई अपनी बेटी को इस तरह किसी डॉक्टर के पास अकेला छोड़ सकता है। यदि वह आपकी बेटी होती तो क्या तब भी आपका यही रवैया रहता। उनके इसी बयान को लेकर नर्सिंग स्टाफ में नाराजगी थी और मंगलवार को पूरे राज्य में नर्सिंग स्टाफ दो घंटे के लिए हड़ताल पर थी। नर्सिंग स्टाफ की मांग थी कि रेनू भाटिया अपने बयान पर माफी मांगे और पद से इस्तीफा दें। हालांकि देर शाम तक रेनू भाटिया अपने बयान पर कायम थी और इस्तीफा न देने पर अडिग थीं।
महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की लड़ती रहूंगी लड़ाई: रेनू भाटिया 
अपने इस्तीफा पत्र में रेनू भाटिया ने कहा कि उन्होंने बीते करीब साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उन्होंने इस अवसर के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। पत्र में उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई वह भविष्य में भी निरंतर लड़ती रहेंगी। उन्होंने यह भी लिखा कि यदि भविष्य में उन्हें किसी अन्य पद पर नियुक्त किया जाता है तो वह उसका भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगी।  रेनू भाटिया ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि वह वर्तमान में महिला आयोग के अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे रही हैं और मुख्यमंत्री से इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
priya singh
Author: priya singh

सबसे ज्यादा पड़ गई