
कोतवाली पुलिस, एसओजी और महिला थाना टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए विगत पांच वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी सोनू खां को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला दर्ज था और वह लंबे समय से न्यायालय से भी फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, मामला वर्ष 2021 का है, जब पीड़िता ने महिला थाना हाथरस में अपने पति सोनू खां, सास और ससुर के खिलाफ मारपीट कर घर से निकालने और तीन तलाक देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद आरोपी सोनू खां फरार हो गया। इस दौरान एक अजीब स्थिति तब पैदा हुई जब आरोपी की मां रसीदन ने अपनी ही बहू (पीड़िता) पर अपने बेटे की हत्या करने का झूठा आरोप लगाते हुए न्यायालय में वाद दायर किया और आईजीआरएस के माध्यम से भी शिकायतें कीं। आरोपी सोनू खां के पिछले 5 वर्षों से लगातार फरार रहने और न्यायालय में उपस्थित न होने के कारण उसके खिलाफ एन0बी0डब्लू वारंट जारी किए गए थे। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में सासनी पुलिस, महिला थाना, एसओजी और सर्विलांस सेल की एक संयुक्त टीम गठित की। टीम ने कड़ी मशक्कत और तकनीकी सर्विलांस का उपयोग करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। जांच में पता चला कि सोनू खां अपनी पहचान छिपाकर खुर्जा (बुलंदशहर) में रह रहा था और वहां एक कंपनी में काम कर रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने उसे खुर्जा सिटी स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। इस कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में थाना सासनी प्रभारी श्रीमती विपिन चैधरी, एसओजी प्रभारी श्री धीरज गौतम और महिला थाना प्रभारी श्रीमती रितु तोमर व उनकी टीमें शामिल रहीं। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही में जुटी है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS


