गांव रुदायन में एक मकान निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर बिजलीघर पर धावा बोल दिया और जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बामुश्किल ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, गांव रुदायन निवासी करीब पचास वर्षीय हाकिम सिंह (पुत्र वीरपाल) पेशे से राजमिस्त्री था। वह गांव में ही एक मकान पर निर्माण कार्य कर रहा था। इसी दौरान मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के हवाई करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि हाकिम सिंह छत से नीचे गिर गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी होने पर मकान स्वामी और मिस्त्री के परिजन निजी चिकित्सक के पास ले गये। जहां चिकित्सक ने हाथ खडे कर दिए तो परिजन घायल को उपचार के लिए जला अस्पताल ले गये। जहां रास्ते में ही हाकिम सिंह ने दम तोड दिया। फिर भी जब परिजन जिला चिकित्सालय पहुंचे तो वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को गांव ले आए। जहां कुछ ग्रामीणों ने मृतक के शरीर में हरकत देखी तो हाकिम सिंह को लेकर सीएचसी सासनी पहुंचे। और हंगामा करते हुए चिकित्सकों से उसके जिंदा होने का दावा करने लगे, लोगों की बात सुनकर चिकित्सकों ने काफी प्रयास किया मगर हाकिम की सांस नहीं लौटी तो परिजनों में कोहराम मच गया। और हंगामा करने लगे। तभी कोतवाली प्रभारी श्रीमती विपिन चैधरी कस्बा इंचार्ज दीपक शुक्ला, एसआई यतेन्द्र सिंह तथा मयफोर्स के सीएचसी पहुंच गई। जहां उन्होंने मृतक के परिजनों को समझा-बुझाकर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने केे लिए राजी किया। और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिजलीघर पर ग्रामीणों का धावा, जमकर काटा हंगामा
हाकिम सिंह को जिला अस्पताल में मृत घोषित करने के बाद बिजली विभाग की लापरवाही से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीण ट्रैक्टरों में सवार होकर सीधे स्थानीय बिजलीघर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि घनी आबादी और मकानों के ऊपर से गुजर रही जर्जर लाइनों को हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन विभाग ने सुध नहीं ली, जिसका खामियाजा आज एक बेकसूर को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।
मौके पर पहुंची पुलिस, विधिक कार्रवाई शुरू
बिजलीघर पर हंगामे और तनाव की सूचना मिलते ही सासनी कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस और बिजली विभाग के आला अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजे का आश्वासन देकर शांत कराया। वहीं प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चैधरी ने बताया कि मकान पर काम करते समय करंट लगने से मिस्त्री हाकिम सिंह की मौत हुई है। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत करा दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सीएचसी पर पहुंचे विद्युत अफसर
घटना के बाद लोगों में बढते आक्रोश को देखते हुए विद्युत विभाग के अफसरान भी सीएचसी पहुंच गये जहां उन्होंने ग्रामीणों को स्थिति का अवलोकन करने के बाद लाइन को दुरूस्त कराने का आश्वासन दिया।
पोस्टमार्टम को भेजा शव
पुलिस और बिजली विभागीय अफसरान ने हाकिम सिंह की मौत के बाद आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS

