संजय सैनी सब्जी और फल की दुकान चलाते थे। 26 मई की रात दो युवक दुकान पर आए और 210 रुपये के फल-सब्जी खरीदे। 200 रुपये देकर जाने लगे। बाकी 10 रुपये मांगने पर गुस्साए युवकों ने संजय के सिर में डंडा और ईंट मारी।

करनाल के बुढ़ाखेड़ा चौक के पास मंगलवार रात को दो अज्ञात आरोपियों ने सब्जी विक्रेता संजय सैनी (44) के सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी। विवाद सब्जी के 10 रुपये मांगने पर हुआ। बीच बचाव करने आई बेटी को भी आरोपियों ने पीटा। जिससे उसकी बाजू पर चोट आई है। आरोपी मौके से भाग गए। सेक्टर 32 थाना पुलिस ने बेटी की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बूढ़ाखेड़ा गांव निवासी शिवानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता संजय सैनी (44) मुख्य सड़क पर नाले के पास सब्जी और फल की दुकान चलाते थे। 26 मई की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी तीन बहनों और मां के साथ दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान दो युवक दुकान पर आए और करीब 210 रुपये के फल-सब्जी खरीदने के बाद 200 रुपये देकर जाने लगे। शिवानी ने कहा कि जब उसने बाकी 10 रुपये मांगे तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर उसके पिता संजय सैनी वहां पहुंचे और युवकों से बहस न करने को कहा। इसी बात पर दोनों युवकों ने पिता संजय को धक्का दे दिया। दोनों ने पिता के सिर में डंडा और ईंट मारी।
छोटी बेटी डंडा लेकर आई तो आरोपियों ने छीनकर उन्हें ही मारा
शिवानी ने बताया कि उसकी छोटी बहन सलोनी पिता को बचाने के लिए डंडा लेकर आई। आरोपियों ने उससे डंडा छीन लिया और उसकी बाजू पर हमला कर दिया। उनकी माता अनु बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई की। इसी दौरान दोनों युवकों ने पिता के सिर पर डंडे और ईंट से कई वार किए।