Haryana: दंपती को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी, पुलिस ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार; 1.89 करोड़ ठगी का मामला

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

दंपती से साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 1.89 करोड़ ठगी के मामले में पुलिस ने ये कार्रवाई की है।
A new web of cyber fraud

पुलिस ने दंपती को डिजिटल अरेस्ट कर 1.89 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी जिला जींद के न्यू हाऊसिंग बोर्ड निवासी मनोज श्योकन्द, गांव करेला निवासी पंकज व जोगेन्द्र नगर निवासी हरप्रीत है। पुलिस इस मामले में सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

22 अप्रैल को धारूहेड़ा के सेक्टर-6 निवासी एक सेवानिवृत्त कर्मचारी राजपाल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि 27 व 28 फरवरी को उनके फोन पर अनजान व्यक्ति के फोन आए। फोन करने वाले ने खुद को ट्राई सर्विस से बताते हुए कहा कि उनकी सिम बंद होने वाली है। उनकी आईडी से गलत ढंग से सिम खरीदी गई है। उनके खिलाफ मुबंई में एफआईआर दर्ज है। बताया गया कि उनके नंबर से न्यूड फोटो और वीडियो भेजे जा रहे हैं। इसके बाद एक अन्य नंबर से आए फोन पर खुद को सीबीआई इंस्पेक्टर बताने वाले शख्स ने कहा कि उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया गया है। अगर वह बचना चाहते हैं तो उसके बताए गए खाता नंबरों पर पैसे ट्रांसफर करने होंगे। 

शुरू में कुछ रकम ट्रांसफर की, तो उसे मनी लार्डिंग के केस में फंसाने की धमकी देते हुए और पैसे ट्रांसफर करा लिए। पत्नी को घर से बाहर नहीं निकलने और किसी से संपर्क नहीं करने को कहा गया। बार-बार डराकर 3 मार्च से 20 अप्रैल तक कुल 1 करोड़ 89 लाख 28 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा दिए। फोन पर एक एप डाउनलोड कराने के बाद निगरानी रखी गई, जिससे वह और उनकी पत्नी कमरे में बंधक बने रहे। फर्जी जज ने प्रॉपटी की वेरिफिकेशन करते हुए उसे 70 प्रतिशत राशि सरकारी खजाने में जमा कराने को कहा।

पंकज व हरप्रीत को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया
आरोपी मनोज श्योकन्द के बैंक खाते में ठगी के कुल 1 लाख 8 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे, जबकि आरोपी पंकज व हरप्रीत ने ठगों को उसका बैंक खाता मुहैया कराने में मध्यस्थता की भूमिका निभाई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करके आरोपी मनोज श्योकन्द को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, आरोपी पंकज व हरप्रीत को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।

priya singh
Author: priya singh

सबसे ज्यादा पड़ गई