Haryana: राइस मिल में गेहूं के स्टॉक पर डाला जा रहा था पानी, भाकियू ने किया खुलासा; देखें वीडियो

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

मौके पर पहुंचे अधिकारियों को किसानों ने पानी के कारण जड़ें पकड़ चुके गेहूं के दाने दिखाए। किसानों ने इस दौरान अधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई।
Haryana: राइस मिल में गेहूं के स्टॉक पर डाला जा रहा था पानी, भाकियू ने किया  खुलासा; देखें वीडियो
गांव आलमपुर के एक राइस सैलर परिसर में लगे गेहूं के स्टॉक पर पानी की बौछारें छोड़कर वजन बढ़ाने के मामले का भंडाफोड़ हुआ है। इसके लिए भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह की ओर से पहले निगरानी की गई फिर पानी की बौछारें छोड़ते हुए वीडियो बनाई और उसे बाद में वायरल किया। पदाधिकारियों ने मौके पर हंगामा किया तो पुलिस भी पहुंची। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गेहूं की तुलाई करवाई और जांच के लिए सैंपल भरे। विभाग ने जांच के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया।

भाकियू जिला अध्यक्ष संजू नंबरदार, प्रदेश महासचिव संजीव आलमपुर, जिला महासचिव दिलबाग बारवा, सुनील खेड़ी, विपिन आलमपुर सहित मौके पर पहुंचे अन्य किसानों ने कहा कि पिछले सप्ताह भी यहां गेहूं पर पानी छोड़े जाने का खुलासा हुआ था। उसके बाद भी वे लगातार निगरानी कर रहे थे। आज फिर एक कर्मी गेहूं के स्टॉक पर चढ़कर पानी की बौछारें छोड़ रहा था, जिसकी वीडियो भी बनाई। उन्होंने यहां विभाग के इंस्पेक्टर अंकुर जांगड़ा से कहा तो उन्होंने जांच करवाने की बात कही। किसानों ने आरोप लगाया यह सब अधिकारियों की मिलीभगत से किया जा रहा है। विवाद बढ़ा तो मौके पर डायल 112 की टीम भी पहुंची। वहीं, बाद में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर रामपाल भी पहुंचे, जिन्होंने गेहूं से भरे कट्टों का वजन करवाया और मौके पर सैंपल भरवाए। उन्होंने भरोसा दिया कि सैंपल जांच रिपोर्ट आते ही कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर पहुंचे अधिकारियों को किसानों ने पानी के कारण जड़ें पकड़ चुके गेहूं के दाने दिखाए। किसानों ने इस दौरान अधिकारियों को जमकर खरी खोटी भी सुनाई और कहा कि किसानों की दिन-रात की मेहनत को कुछ लालच के चलते इस तरह से बर्बाद किया जा रहा है। यही गेहूं बाद में डिपो पर पहुंचेगा। डीएफएससी नरेश कुमार का कहना है कि मामले का पता कराया जा रहा है। कोई दोषी मिला तो जरूर कार्रवाई की जाएगी।

priya singh
Author: priya singh

सबसे ज्यादा पड़ गई