आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सवारियों को लेकर गुड़गांव जा रही डबल डेकर प्राइवेट बस आगे चल रहे बालू से लदे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में आग लग गई। इस हादसे में बस चालक की आग में जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
-1761451650732_m.webp)
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सवारियों को लेकर गुड़गांव जा रही डबल डेकर प्राइवेट बस आगे चल रहे बालू से लदे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में आग लग गई। इस हादसे में बस चालक की आग में जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर एसपी सिटी, नसीरपुर एवं मटसेना पुलिस के अलावा मुख्य अग्निशमन अधिकारी समेत जनपद से 6 फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। जिसने तीन घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार की रात एक डबल डेकर प्राइवेट बस सवारियों को लेकर कानपुर से गुड़गांव जा रही थी। बस में लगभग 40 से अधिक सवारियां सफर कर रही थीं। बस जब रात्रि 2 बजे करीब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर नसीरपुर थाना क्षेत्र से आगे बढ़ी। तभी बस के आगे चल रहा बालू से लदा डंपर अचानक मटसेना क्षेत्र के किमी संख्या 46 पर अनियंत्रित हो गया। जोकि मध्य डिवाइडर से जा टकराया। तभी पीछे से तेज गति से आ रही सवारियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हुए डंपर में तेजगति से पीछे से जा टकराई। हादसा इतनी भयावह था कि देखते ही देखते बस में शॉर्ट सर्किट हो गया और बस में आग लग गई।
बस में सो रही सवारियों की चीखें निकल गईं। एक के ऊपर एक गिरकर घायल हो गईं। सूचना मिलने पर यूपीडा तथा नसीरपुर एवं मटसेना पुलिस मौके पर आ गई। कुछ ही देर बाद एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ तेजस त्रिपाठी भी मौके पर आ गए। जिन्होंने बस में फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। इस हादसे में बस कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही देर बाद फिरोजाबाद से 2, टूंडला से 1, शिकोहाबाद से 1, सिरसागंज तथा जसराना से फायर ब्रिगेड की एक-एक गाड़ी भी मौके पर आ गई। जिन्होंने आग को बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। तीन घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
घायलों के नाम
नीलम (20) निवासी काकामई, अजीतमल जनपद ओरैया, रंगोली देवी (30) कानपुर देहात, शिवम (23) निवासी कानपुर देहात, सत्यम (35) निवासी ओरैया, सुंदरलाल (40) कंडक्टर निवासी प्रसान पोस्ट आटा जनपद जालौन, शांति देवी (45) निवासी जमोहा, ओरैया, शांति देवी का बेटा सत्यभान (16), मुकेश कुमार (40) निवासी लाल बंगला चकेरी कानपुर, आस्था (23) निवासी कानपुर नगर बिठूर, माया देवी (62) निवासी कानपुर, वेद (12), मन्नत (9) निवासीगण कानपुर, पूजा (35) निवासी साबीपुर माता जनपद उन्नाव, माया देवी (56) निवासी जूही बामरिया बारादेवी कानपुर एवं पप्पू (25) निवासी करेरा फतेहपुर घायल हुए हैं। चालक के साथ साथ मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजे गए कंडक्टर की भी मृत्यु होना बताई गई है
