लुटसान में आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन,अलग काउंटर पर जांची गईं महिलाएं व बुजुर्ग, 114 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

Picture of Sunil Kumar

Sunil Kumar

SHARE:

प्रदेश के आयुष मंत्री श्री दयाशंकर मिश्र दयालु के आदेशानुसार आयुष आपके द्वार मुहिम के तहत बुधवार को ग्राम लुटसान में आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में 114 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। शिविर के सफल संचालन में ग्राम प्रधान बंटी व स्थानीय निवासी प्रेमपाल ने विशेष सहयोग किया। कैंप में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़ को देखते हुए बुजुर्गों, पुराने रोगियों और महिलाओं के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय ऊसवा के चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन कुमार, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय सासनी की चिकित्साधिकारी डॉ. प्रिंसी पुरवार और राजकीय यूनानी चिकित्सालय लाखनु के चिकित्साधिकारी डॉ. जाकिर सिद्दीकी की टीम ने मरीजों का सघन परीक्षण किया। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को भीषण गर्मी से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने आयुर्वेद के अनुसार सही आहार-विहार खानपान और दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही योग सहायक सुदेश ने विभिन्न बीमारियों से ग्रसित मरीजों को रोगानुसार प्राणायाम और योगासनों का अभ्यास कराये। शिविर में पहुंचे कुल 114 मरीजों में 51 पुरुष और 63 महिलाएं शामिल रहीं। जांच के बाद जितेंद्र (भृत्य) व बनवारी लाल (भृत्य) द्वारा सभी मरीजों को डॉक्टरों की पर्ची के अनुसार निशुल्क औषधियां दी गईं।

Sunil Kumar
Author: Sunil Kumar

SASNI, HATHRAS