
सासनी के गांव महमदपुर बरसै स्थित पुलिया वाले बाबा के मंदिर को तोडे जाने के बाद उक्त जगह पर चल रहा धरना प्रदर्शन आज पांचवें दिन और उग्र हो गया। प्रशासन द्वारा मांगों की अनदेखी किए जाने से क्षुब्ध होकर पप्पू नाथ बाबा ने आज से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
बुधवार को भी ग्रामीण और हिंदूवादी संगठन अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। पिछले पांच दिनों से ग्रामीण और कार्यकर्ता पुलिया वाले बाबा के स्थान पर धरने पर बैठे हैं। मांगें पूरी न होने पर पप्पू नाथ बाबा ने अन्न-जल त्याग कर भूख हड़ताल का आह्वान किया है। इस आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल का समर्थन मिल रहा है। धरना स्थल पर आज भारी संख्या में लोग जुटे, जिनमें अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के विभाग अध्यक्ष राहुल उपाध्याय भी उपस्थित थे। राहुल उपाध्याय ने कहा कि जब तक बाबा की जायज मांगों को स्वीकार नहीं किया जाता, यह आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलनकारियों का कहना है कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले का समाधान नहीं निकाला गया, तो यह विरोध प्रदर्शन पूरे जनपद में फैल सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की बेरुखी ने उन्हें कठोर कदम उठाने पर मजबूर किया है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



