JNMCH के डॉक्टरों ने किया कमाल, जटिल सर्जरी से दूर किया वर्षों पुराना टेढ़ापन

Picture of Shikha Bhardwaj

Shikha Bhardwaj

SHARE:

REPORTED BY: SHAMIM IQBAL PLANET NEWS INDIA

अलीगढ़। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (JNMCH) के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार जटिल सर्जरी के जरिए मरीज के गंभीर पेनाइल कर्वेचर को सफलतापूर्वक ठीक किया है। यह ऑपरेशन डॉक्टर परवेज और उनकी टीम की देखरेख में किया गया, जिसकी अब हर ओर सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार मरीज पिछले कई दशकों से करीब 90 डिग्री के गंभीर टेढ़ेपन की समस्या से जूझ रहा था। इस वजह से उसे न केवल शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, बल्कि मानसिक तनाव और हताशा भी बढ़ती जा रही थी। लंबे समय तक उचित इलाज न मिलने के कारण उसकी स्थिति काफी जटिल हो चुकी थी।

डॉक्टर परवेज और उनकी टीम ने ‘नेसबिट प्रोसीजर’ (Nesbit Procedure) और ‘वेज प्लिकेशन’ तकनीक का इस्तेमाल कर सफल ऑपरेशन किया। सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने विशेष सावधानी बरतते हुए न्यूरोवैस्कुलर बंडल को सुरक्षित रखा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी या जटिलता का खतरा न रहे।

सफल ऑपरेशन के बाद मरीज का टेढ़ापन पूरी तरह खत्म हो गया और वह सामान्य जीवन की ओर लौट आया है। डॉक्टरों के मुताबिक मरीज की स्थिति अब स्थिर है और उसे काफी राहत मिली है।

JNMCH में पहली बार हुई इस सफल सर्जरी ने मेडिकल कॉलेज के नाम एक और उपलब्धि जोड़ दी है। डॉक्टर परवेज और उनकी टीम की इस कामयाबी की चिकित्सा जगत में जमकर सराहना की जा रही है।

Shikha Bhardwaj
Author: Shikha Bhardwaj

सबसे ज्यादा पड़ गई