यूपी में हैवान बना देवर: गर्भवती भाभी को काटा, जला था पेट का हिस्सा; एक घंटे तक लाश के पास फावड़े लिए खड़ा रहा

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

यूपी के सहारनपुर में प्रेम विवाह से नाराज देवर ने गर्भवती भाभी की हत्या कर दी। आरोपी देवर ने किसी को लाश के पास नहीं जाने दिया। पुलिस भी हिम्मत नहीं जुटा पाई। एक घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

brother-in-law murders his pregnant sister-in-law Enraged over a love marriage In Saharanpur

सहारनपुर के नानौता कस्बे की नाइयों वाली गली में गर्भवती महिला की हत्या के बाद आरोपी युवक हाथ में एक घंटे तक फावड़ा लेकर शव के पास खड़ा रहा, लेकिन पुलिस उसके पास जाने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग लगातार आरोपी को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह हाथ में फावड़ा लिए आक्रामक होकर शव के पास खड़ा रहा। 

माहौल इतना भयावह था कि आसपास के लोग दूर ही खड़े रहे। काफी जद्दोजहद के बाद पूर्व चेयरमैन के भाई ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी शुरू से ही परिवार में हुए प्रेम विवाह का विरोध करता था। शादी के बाद से वह इस रिश्ते को लेकर नाराज चल रहा था। हालांकि, बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि उसकी नाराजगी अपने भाई से थी तो उसने हमला अपनी गर्भवती भाभी पर क्यों किया। इसी सवाल को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। घटना के बाद से दहशत और गुस्से का माहौल है।

गले पर कट के निशान, जला हुआ है पेट
मृतका की मां का आरोप है कि सना के गले पर कट के निशान हैं और पेट का कुछ हिस्सा जला हुआ है। पिता आशिक का आरोप है कि सना की हत्या में सभी ससुराल वाले शामिल हैं। हत्या के बाद सास और ननद पहले ही प्लानिंग के तहत कहीं चली गई थीं और पति भी साजिश के तहत ही थाने पहुंचा है। वह अपने भाई को मोहरा बनाकर पूरे परिवार को बचाने की कोशिश कर रहा है।

घर भागकर थाने पहुंच की थी शादी
सना और सलमान के घर आमने सामने हैं। दोनों के बीच कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब सात माह पहले दोनों घर से भाग कर थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस ने विवाह कराने और सुरक्षा देने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों को बुलाया था। कस्बे के जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में सना को सलमान के साथ भेज दिया गया था। तभी से सना का अपने मायके आना जाना बंद था।

प्रेम विवाह से नाराज देवर ने की गर्भवती भाभी की हत्या
सहारनपुर के नानौता में नाइयों वाली गली में रविवार रात आठ बजे प्रेम विवाह के कारण नाराज देवर आमिर ने अपनी गर्भवती भाभी सना नाज (23) की हत्या कर दी। सना नाज के गले पर धारदार हथियार के वार के निशान मिले। शरीर पर जगह-जगह जले होने के भी निशान मिले हैं।

हत्या के बाद आरोपी काफी देर तक शव के पास फावड़ा लेकर खड़ा रहा और पुलिस सहित किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। किसी तरह उसे पकड़ा गया। महिला के पति और देवर को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने बताया कि नाई बिरादरी की सना नाज ने कुछ माह पहले राजपूत बिरादारी के पड़ोसी युवक सलमान राव से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से परिवार में तनाव की स्थिति थी। रविवार की शाम सना घर में अकेली थी। इसी दौरान देवर आमिर से उसका विवाद हो गया। आमिर ने फावड़ा उठाकर सना पर वार कर दिए।

पुलिस भी कुछ देर तक आरोपी के आक्रामक रवैये के चलते अंदर नहीं जा सकी। इसी बीच पूर्व चेयरमैन अफजाल खान के भाई निसार खान ने आरोपी को पकड़ लिया। निसार के हाथ में फावड़ा लगने से हल्की चोट लगी है। आरोपी चंडीगढ़ में फल बेचने का काम करता है। पुलिस प्रेम विवाह, पारिवारिक विवाद और अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सना चार-पांच माह की गर्भवती थी।

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA