
सासनी-विजयगढ़ रोड स्थित यूनियन पब्लिक स्कूल, में मातृ दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक नृत्य एवं भावपूर्ण कविताओं के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति प्रेम एवं कृतज्ञता व्यक्त की। छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटक ने भी सभी को भावुक कर दिया, जिसमें माँ के त्याग और समर्पण को दर्शाया गया। प्रतियोगिता में कनिष्का, शिखा और प्रांशी को क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विद्यालय के डायरेक्टर आकाश सिंह व माधुरी राजावत ने अपने संबोधन में कहा कि माँ हमारे जीवन की प्रथम गुरु होती हैं और उनका स्थान सर्वोच्च है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपनी माताओं का सम्मान करने और उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। माँ प्रेम, त्याग और समर्पण की प्रतिमूर्ति होती हैं। वह हमारे जीवन की प्रथम गुरु और सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। उनकी ममता और आशीर्वाद से ही जीवन में सफलता और संस्कारों की नींव मजबूत होती है। विद्यालय प्रबंधन ने अपने संदेश में कहा कि माँ वह शक्ति है जो हर परिस्थिति में अपने बच्चों को संबल देती है। उनका निःस्वार्थ प्रेम और मार्गदर्शन ही हमारे उज्ज्वल भविष्य का आधार है। इस अवसर पर सभी माताओं के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की गई। कार्यक्रम अत्यंत भावुक, प्रेरणादायक एवं सफल रहा। इस प्रकार मातृ दिवस का आयोजन अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में उप प्रधानाचार्य प्रमोद प्रताप सिंह, राजश्री सेंगर, रोहित सोनी, पूनम वार्ष्णेय, अनिल, विनीता सेंगर, प्रभा, पंकज ठाकुर आदि का सहयोग रहा।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS




