UP: महज 48 मिनट में हत्या, स्कूटी पर दोनों दोस्त गए थे साथ, अकेला ही वापस आया विशाल; कारोबारी के कत्ल की कहानी

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

कानपुर के फीलखाना में होजरी कारोबारी की हत्या का मामला सामने आया है। कारोबारी का शव खून से लथपथ मिला है। स्कूटी सवार दोस्त साथ ले गया था। सिर पर भारी चीज से प्रहार का अंदेशा है। होजरी कारोबारी की हत्या महज 48 मिनट के दौरान हुई है। पुलिस को घटनास्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में विशाल गुप्ता और होजरी कारोबारी नजर आए हैं। हत्या के बाद विशाल गुप्ता स्कूटी से अकेला ही लौटता दिखा।

Hosiery Businessman Murder in Kanpur Blood-Soaked Body Found Story of a Businessman Murder

कानपुर के फीलखाना इलाके के सवाई सिंह का हाता में शुक्रवार शाम होजरी कारोबारी विजय कुमार चौरसिया (42) का खून से लथपथ शव मिला। उनके सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार किए जाने की आशंका है वहीं इलाकाई लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनने की बात भी बताई है। 

हत्याकांड से गुस्साए कारोबारियों ने दुकानें बंद करा दीं। बवाल की आशंका पर कई थानों का फोर्स फीलखाना और शिवाला बाजार में तैनात किया गया। परिजन की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।

सिरकी मोहाल निवासी विजय कुमार चौरसिया की शिवाला बाजार में विजय होजरी के नाम से दुकान है। उनके बड़े भाई अजीत की गया प्रसाद लेन में और दूसरे नंबर के भाई अजय की शिवाला बाजार में होजरी की दुकान है।

विजय होजरी की कर्मचारी शिखा ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम 6:32 बजे विजय दुकान में बैठे थे। इस बीच स्कूटी सवार नारंगी रंग की कमीज पहने एक युवक आया। वह उन्हें अपने साथ लेकर चला गया। करीब 50 मिनट बाद उनकी हत्या की सूचना आई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, स्कूटी सवार विजय को सवाई सिंह के हाते में एक जर्जर मकान में ले गया। वहां पहले से कुछ लोगों के होने की आशंका है। अचानक मोहल्ले के लोगों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इस बीच नारंगी शर्ट पहने युवक भागता हुए दिखाई दिया। जर्जर मकान की सीढ़ियों के पास विजय कुमार तड़प रहे थे। उनके सिर पर गहरी चोट लगी थी। लोगों ने उनके परिजन को सूचना दी।

आनन फानन उन्हें उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह, एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक की टीम ने घटनास्थल पर जांच की। सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर नारंगी रंग की कमीज पहनने वाले की पहचान विजय की दुकान के सामने रेस्टोरेंट संचालक विशाल के रूप में हुई है। विजय और विशाल दोस्त हैं। विजय कुमार के परिवार में पत्नी नेहा, बेटा आदी और बेटी अनवी हैं। घटना के बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

महज 48 मिनट के अंदर हुई हत्या, अकेले लौटता दिखा विशाल
कानपुर के फीलखाना क्षेत्र में होजरी कारोबारी विजय कुमार चौरसिया की हत्या महज 48 मिनट के दौरान हुई है। पुलिस को घटनास्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में विशाल गुप्ता और होजरी कारोबारी नजर आए हैं। हत्या के बाद विशाल गुप्ता स्कूटी से अकेला ही लौटता दिखा। 

पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं। शुक्रवार देर रात अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. विपिन कुमार ताडा ने हाते के लोगों से जानकारी जुटाई। देर रात तक विशाल के छह रिश्तेदारों को हिरासत में लिया गया। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि सवाई सिंह के हाते में पुराना और जर्जर मकान है। यहां पर चार परिवार किराये पर रह रहे हैं।

शुक्रवार को विशाल अपनी स्कूटी पर विजय को साथ लेकर इसी मकान के पास आया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों 6:32 बजे जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद शाम 7:18 बजे विशाल गुप्ता अकेले ही स्कूटी लौटता दिखा। पुलिस कई एंगल पर जांच कर रही है। फुटेज में एक और संदिग्ध युवक दिखाई दे रहा है। उसकी तलाश भी की जा रही है। विशाल का रेस्टारेंट विजय चौरसिया की दुकान के सामने है।

लेनदेन का विवाद और प्रेम प्रसंग के एंगल पर जांच
अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन कुमार ताडा न बताया कि पुलिस लेनदेन के विवाद और प्रेम प्रसंग के एंगल पर जांच कर रही है। दोनों स्कूटी पर जिस तरह से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं, इससे दोनों के बीच घनिष्ठा की पुष्टि है। जर्जर मकान में कोई हो सकता है जिसकी वजह से दोनों या अन्य लोगों के बीच विवाद हुआ हो। आसपास के लोगों ने केवल विशाल को जाते हुए देखा था। ऐसे में अगर कोई अन्य है तो वह हाते का ही रहा होगा। इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। विशाल का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है।

छत पर ऐसा क्या था जिसे दोनों देखते हुए गए
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में नजर आया है कि विशाल और विकास दोनों जर्जर मकान की छत की तरफ ध्यान से देखते हुए गए हैं। अब या तो कोई जान पहचान वाला ऊपर खड़ा हुआ था या विशाल विकास को इशारा कर ऊपर चलने के लिए जोर दे रहा था। इसकी जानकारी की जा रही है।

24 घंटे में हत्यारोपी को पकड़ो वरना बंद करेंगे बाजार
कानपुर के होजरी कारोबारी विजय कुमार चौरसिया की किसी धारदार हथियार से नृशंस हत्या के बाद करीब दो सैकड़ा कारोबारी और व्यापारी उर्सला पहुंच गए। उन लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस के हाथ पांव फूल गए। तत्काल कोतवाली पुलिस ने कंट्रोल रूम में सूचना कर सर्किल का फोर्स बुला लिया।

सरेशाम हुई वारदात से आक्रोशित कारोबारियों ने पुलिस अधिकारियों से दो टूक कहा कि 24 घंटे के भीतर अगर हत्यारोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वह लोग शिवाला, चूड़ी बाजार और आसपास की बाजार बंद कर विरोध करने को बाध्य होंगे। इसके चलते सर्किल का भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात कर दिया गया है।

होजरी कारोबारी के सिर के पीछे से हमला किया गया है। गोली मारने की पुष्टि नहीं हुई है। मोहल्ले के लोग फायरिंग जैसी आवाज होने की बात कह रहे हैं। कई टीमें लगाई गई हैं। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। आरोपी के पांच रिश्तेदारों को हिरासत में लिया है।– रघुबीर लाल, पुलिस कमिश्नर

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई