यूपी के बागपत जिले में जमीन के बंटवारे और प्लॉट के विवाद में छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। हिलवाड़ी गांव में हुई घटना में मृतक को बचाने के लिए बेटी आई तो उसके साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की की है। आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार किया गया।

यूपी के बागपत जिले के बड़ौत के हिलवाड़ी गांव में रविवार को खेती की 15 बीघा जमीन के बंटवारे और 150 गज के प्लॉट के विवाद में राजेंद्र ने अपने बेटों व अन्य के साथ मिलकर छोटे भाई देवेंद्र (60) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने राजेंद्र समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने हत्यारोपी राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
हिलवाड़ी गांव निवासी रचना तोमर ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे अपने पिता देवेंद्र के साथ खेत में काम कर रही थी। इस बीच उसका ताऊ राजेंद्र, अपने बेटों मोहित, रोहित, रोहित की पत्नी वर्षा, मोहल्ले के संजय और मुकेश के साथ लाठी-डंडे, तमंचा, फावड़ा लेकर वहां आ गए।
बेटी पिता को बचाने के लिए चिल्लाती रही है, लेकिन ताऊ का दिल नहीं पसीजा। हमलावर पिता को लाठी-डंडों से पीटते रहे। पिता को बचाने के लिए रचना ने साहस जुटाया, लेकिन उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर भाई और अन्य लोग आए तो उन्हें बचाया, मगर देवेंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई।
देवेंद्र और उसके भाई राजेंद्र के घर भी आसपास ही हैं। रविवार को देवेंद्र की हत्या के बाद पुलिस ने राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके बेटों समेत अन्य आरोपी भाग गए। इसके चलते राजेंद्र, दूसरे हत्यारोपियों के घरों पर ताले लटक गए। घटना को लेकर हिलवाड़ी गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
बागपत जिले में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ रहे हैं। इन विवाद में खून भी खूब बहाया जा रहा है। जमीन के बंटवारे को लेकर जिले में कई हत्याएं हो चुकी हैं। एक माह पहले हसनपुर मसूरी गांव में छोटे भाई की विधवा पत्नी की हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा भी कई ऐसे मामले हैं, जिनमें अपने ही जान के दुश्मन बन गए।
जुलाई 2025 में पुसार गांव में नशेड़ी पोते सूरज ने बुजुर्ग दादी फूलो देवी की हत्या कर दी। पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि वह घर का सामान लेना चाहता था और दादी उसका विरोध करती थी। इसके चलते हत्या कर दी।
हसनपुर मसूरी गांव में 26 मार्च को अंकिता उर्फ गुंजन की उसके जेठ परविंदर ने जमीन के विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह भाई के हिस्से की जमीन भी कब्जाना चाहता था, क्योंकि उसका कोई बेटा नहीं था। पुलिस ने हत्यारोपी परविंदर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मार्च 2025 में रमाला गांव में एक प्लॉट के विवाद में साजिद (35) की हत्या उसके बड़े भाई कासिम ने अपने दोस्तों को पांच लाख रुपये सुपारी देकर कराई थी। हत्या कर साजिद का शव दोस्त के खेत में दबवा दिया। साजिद की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी भाई कासिम, हिस्ट्रीशीटर समेत तीन को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया।
29 अक्तूबर 2023 को किरठल गांव में मुमताज की हत्या उसके बेटे, पोते ने जमीन के विवाद में ही की थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था। ये तो मात्र चार उदाहरण हैं।