Haryana: भिवानी DTP की सख्त कार्रवाई, BJP विधायक की पत्नी, बेटे व 2 बेटियों समेत परिवार के 9 लोगों पर FIR

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

भिवानी की बाग कोठी निवासी प्रेमलता (विधायक की पत्नी), अमन गर्ग (बेटा), श्वेता गर्ग व मनीषा गर्ग (बेटियां), शिव नगर कॉलोनी निवासी मोहित गोयल (भांजा), लोहड़ निवासी मनीषा व निर्मला, आदर्श नगर निवासी माया देवी और नई दिल्ली निवासी रचना का नाम प्राथमिकी में शामिल किया है।
FIR against nine members of BJP MLA's family including his wife, son and two daughters in bhiwani

भिवानी। कृषि भूमि पर बिना अनुमति और लाइसेंस रिहायशी कॉलोनी काटने और नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोकने के आरोप में हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (एचएसईबी) भिवानी ने भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ की पत्नी, बेटे और दो बेटियों समेत परिवार के नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।

जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) नरेंद्र नैन द्वारा इस संबंध में हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (एचएसईबी) भिवानी को 3 मार्च को शिकायत दी गई थी। प्राथमिकी में आरोप है कि शहर में तोशाम रोड पर जूई नहर के पास जागृति कॉलोनी मोड़ पर आरोपियों द्वारा करीब 4.2 एकड़ कृषि भूमि पर अनधिकृत तौर पर कॉलोनी काटकर प्लॉटों की नींव भराई, सड़क और सीवर लाइन संबंधी कार्य किया जा रहा था। नोटिस और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बावजूद निर्माण कार्य चलते रहे। एचएसईबी ने हरियाणा डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन ऑफ अर्बन एरिया एक्ट, 1975 की धारा 7 (i) (ii) और अन्य नियमों का उल्लंघन मानते हुए आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है।

इन लोगों पर दर्ज की गई प्राथमिकी
भिवानी की बाग कोठी निवासी प्रेमलता (विधायक की पत्नी), अमन गर्ग (बेटा), श्वेता गर्ग व मनीषा गर्ग (बेटियां), शिव नगर कॉलोनी निवासी मोहित गोयल (भांजा), लोहड़ निवासी मनीषा व निर्मला, आदर्श नगर निवासी माया देवी और नई दिल्ली निवासी रचना का नाम प्राथमिकी में शामिल किया है।

अवैध काॅलोनी काटने वालों पर कार्रवाई करेंगे : डीटीपी
अनधिकृत कॉलोनी में दो बार निर्माण ध्वस्त किए गए। इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका। बिना लाइसेंस और बिना अनुमति कृषि भूमि पर अनधिकृत कॉलोनी काटने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी। – नरेंद्र नैन, जिला नगर योजनाकार भिवानी

परिवार नियमों के दायरे में रहकर कर रहा काम : विधायक
मेरे नाम पर कोई भूमि नहीं है। मेरा परिवार नियमों के दायरे में रहकर ही प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने का काम करता है। मेरे परिवार के सदस्यों पर प्राथमिकी दर्ज होने की मुझे कोई जानकारी नहीं है और न ही इस मामले से मेरा कोई लेना-देना है। – घनश्याम सर्राफ, भाजपा विधायक, भिवानी

priya singh
Author: priya singh