मौसम विभाग ने आज के लिए भी पंजाब में हीट वेव चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, पंजाब में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से रविवार से मौसम बदलेगा।

पंजाब में हीट वेव का प्रकोप बढ़ रहा है। फरीदकोट और बठिंडा में पारा 44.3 डिग्री तक पहुंच गया है। तापमान में 0.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। इससे अब यह सामान्य से 5 डिग्री ऊपर पहुंच गया है।
बिजली कटों से बढ़ी परेशानी
वहीं भीषण गर्मी में पंजाब में बिजली सप्लाई में कटौती और 42 डिग्री पारे से लोग बेहाल हैं। तकनीकी सुधारों और बढ़ती मांग के कारण राज्य के बड़े शहरों और ग्रामीण इलाकों में लंबे कट लग रहे हैं।
बठिंडा में भी बिजली कट सुबह से ही शुरू हो जाते हैं। गांव बीबी वाला की पंचायत ने विधायक तक को पत्र लिखकर कहा कि तीन से पांच घंटे तक बिजली कटों से लोगों का बुरा हाल है। यहां लाइनपार क्षेत्र के लोगों ने बिजली कटों को लेकर सरकार एवं जिला प्रशासन के खिलाफ हाथों में पंखे लेकर प्रदर्शन किया है।
रातें भी गरम
विभाग के मुताबिक शनिवार को मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, बरनाला, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, संगरूर व पटियाला में हीट वेव की स्थिति रहेगी। इसके साथ ही अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, बरनाला व लुधियाना में वार्म नाइट की स्थिति रहेगी।
वहीं, मौसम विभाग ने रविवार से पांच दिन के लिए पंजाब में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। इससे पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, एसएएस नगर व पटियाला में बारिश के आसार है।
विभाग के मुताबिक अगले चार दिन में पंजाब के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं होगा लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। शुक्रवार को पंजाब के न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह सामान्य से 3.6 डिग्री ऊपर दर्ज हुआ। सबसे कम 20 डिग्री का न्यूनतम पारा गुरदासपुर का दर्ज किया गया। पंजाब में सबसे अधिक 44.3 डिग्री का पारा फरीदकोट व बठिंडा का दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
अमृतसर का अधिकतम पारा 40.3 डिग्री, लुधियाना का 42.4 डिग्री, पटियाला का भी 42.4 डिग्री, पठानकोट का 38.6 डिग्री, फाजिल्का का 39.9 डिग्री, फिरोजपुर का 39.2 डिग्री, एसबीएस नगर का 39.6 डिग्री, होशियारपुर का 38.4 डिग्री और रूपनगर का 41.3 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर का न्यूनतम पारा 22.7 डिग्री, लुधियाना का 24.8 डिग्री, पटियाला का 24.5 डिग्री, पठानकोट का 20.7 डिग्री, बठिंडा का 21.2 डिग्री, फाजिल्का का 23.2 डिग्री, फिरोजपुर का 22.6 डिग्री और रूपनगर का 21.4 डिग्री दर्ज किया गया।
बिजली की मांग 11,536 मेगावाट दर्ज
पावरकाॅम द्वारा लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, बठिंडा व पटियाला में 26 अप्रैल तक सात से आठ घंटे के बिजली कट की सूचना दी गई है। पावरकाॅम ने कट लगाने के पीछे मरम्मत का हवाला दिया है। वहीं शुक्रवार को पंजाब में बिजली की मांग रिकार्ड 11536 मेगावाट दर्ज की गई। 2025 में 24 अप्रैल को 10414 मेगावाट और 2024 में 9016 मेगावाट दर्ज की गई थी।