हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग और अमान्य वोटों को लेकर कांग्रेस में मचे सियासी भूचाल के बीच बादली से विधायक कुलदीप वत्स ने भावुक अंदाज में अपनी सफाई दी है। लगातार फैल रही अफवाहों के बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखकर साफ कहा कि कोई भी दौलत या ताकत उनके जमीर को नहीं खरीद सकती।
दरअसल, राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पांच वोट क्रॉस होने और चार वोट अमान्य घोषित होने के बाद पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। कड़ी बाड़बंदी के बावजूद पांच विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की चर्चा ने नेतृत्व को भी असहज कर दिया है। इसी बीच कुछ नामों को लेकर अटकलें तेज हुईं, जिनमें कुलदीप वत्स का नाम भी उछाला गया।
इन आरोपों से आहत वत्स ने भावुक पोस्ट में लिखा, “झूठ और अफवाहों की साजिशें रचने वालों से साफ कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई दौलत नहीं है जो मेरे जमीर और स्वाभिमान को खरीद सके।” उन्होंने कविता के जरिए भी अपनी बात रखी और कहा कि उनका नाम वफा की कहानी है, जो कभी रुकी नहीं।
वत्स ने अपने विधानसभा क्षेत्र बादली की जनता का जिक्र करते हुए कहा कि 36 बिरादरी, बुजुर्गों, माताओं-बहनों और युवाओं ने जो भरोसा उन पर जताया है, उसे वह कभी टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह इसके साथ कभी समझौता नहीं करेंगे।
इस पूरे मामले पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले ही वत्स का बचाव कर चुके हैं। हुड्डा ने स्पष्ट कहा कि वत्स ने उन्हें दिखाकर ही कांग्रेस के पक्ष में वोट किया था और उनके खिलाफ फैल रही बातें केवल अफवाह हैं।
अमर उजाला से बात करते हुए विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि वह अफ़वाहों से हिलने वाले नहीं हैl उन्हें ना कोई ख़रीद सकता है और ना कोई डरा धमका सकता हैl उन्हें अफ़वाहों को लेकर यह सफ़ाई देने की बिल्कुल भी आवश्कता नहीं है कि उन्होंने कांग्रेस को वोट किया हैl कुलदीप वत्स नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे के हैं और इस चुनाव में हुड्डा की साख दांव पर थी