वाराणसी के लक्सा और भेलूपुर थाना क्षेत्र में हुए हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। वहीं, कैंट थाना क्षेत्र की युवती ने जिम में युवक पर छेड़खानी और धमकी देने का आरोप लगाया है।
![]()
लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद के पुराना पान दरीबा धोबियाना में मंगलवार सुबह महेंद्र कुमार (44) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। दो महीने पहले बेटे की मौत और नौकरी नहीं होने के चलते वह अवसाद में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लक्सा के औरंगाबाद पुराना पान दरीबा में धर्मेंद्र कुमार परिवार के साथ रहते थे।
सुबह 4 बजे मां के पास से उठकर धर्मेंद्र दूसरी मंजिल पर सोने चला गया। सुबह धर्मेंद्र नहीं दिखा तो मां के कहने पर बड़े बेटे सुरेंद्र ने दूसरी मंजिल पर गया तो देखा कि गमछे के सहारे धर्मेंद्र लोहे के एंगल से लटका था।
पोखरे के पास मिला शव
भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड में पोखरे के पास लगे पत्थर के बेंच के बगल में अज्ञात शख्स का शव मिला। मेडिकल स्लिप पर महेंद्र प्रसाद निवासी खोजवा लिखा था। थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजह सामने आएगी। परिजनों की तलाश की जा रही है।
जिम मैनेजर से छेड़खानी आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र की युवती ने जिम में युवक पर छेड़खानी और धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि शिवपुर फाटक के पास एक जिम में फ्लोर मैनेजर है। आरोप है कि जिम में कसरत करने आने वाला रानु उर्फ आरूप यादव निवासी शिवपुर चुंगी अकसर उनसे अश्लील हरकतें करता है। विरोध करने पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देता है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी के परिजनों, जिम मैनेजर और जिम मालिक को भी सूचना दी। बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। जिम के बाहर भी पीछा करता है। जिम में लगे सीसी कैमरों में आरोपी की हरकतें कैद हैं। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।