जमीन विवाद में रिश्तों का खून, छोटे ने बड़े भाई को रास्ते से हटवाने के लिए करवा दिया एक्सीडेंट

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

जसवीर सिंह निवासी गांव मल्ला का 2011 से अपने छोटे भाई के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। झगड़े का मामला लुधियाना की सिविल कोर्ट में विचाराधीन है।

Man died in accident in jagraon land dispute

जमीन के एक टुकड़े ने दो सगे भाइयों के रिश्ते को इस कदर जहर से भर दिया कि आखिरकार मामला मौत तक पहुंच गया। आरोप है कि एक भाई ने अपने ही भाई को रास्ते से हटाने के लिए उसका एक्सीडेंट कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान जसवीर सिंह निवासी गांव मल्ला के रूप में हुई है।

शिकायत के अनुसार 7 मार्च को जसवीर सिंह अपने स्कूटर पर अदालत में पेशी के लिए लुधियाना गए थे, लेकिन वकीलों की हड़ताल के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद वह अपने कुछ घरेलू कामकाज निपटाकर वापस गांव लौट रहे थे।

दोपहर के समय परिवार को सूचना मिली कि जसवीर सिंह का एक्सीडेंट हो गया है। घायल हालत में उन्हें जगरांव के अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान जसवीर सिंह ने अपनी पत्नी को बताया कि जब वह स्कूटर पर आ रहे थे तो उनके पीछे उनका भाई बलवीर सिंह भी आ रहा था और उसी ने किसी वाहन से उन्हें टक्कर मरवाई। टक्कर लगने से उनका स्कूटर सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से जा टकराया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान जसवीर सिंह ने दम तोड़ दिया।

शिकायतकर्ता सुखवंत कौर का आरोप है कि उसके देवर बलवीर सिंह ने ही रंजिश के चलते उसके पति का एक्सीडेंट करवा कर हत्या करवाई है। पुलिस ने शिकायत और प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी बलवीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Farheen
Author: Farheen