दुगरी में महिला मजदूर पर तेजाब से हमला, चेहरा और आंखें झुलसीं; चंडीगढ़ पीजीआई रेफर

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

सावित्री अपनी भतीजी के साथ मजदूरी कर रही थी। बाइक पर आए युवक ने उसे बहाने से पास बुलाया और तेजाब से भरी बोतल उस पर उड़ेल दी।

Acid attack on female labourer in Dugri

लुधियाना के दुगरी इलाके में एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने मजदूरी करने वाली 40 वर्षीय महिला पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में महिला का चेहरा और आंखें बुरी तरह झुलस गई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए स्थानीय सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, गुरु ज्ञान विहार (दुगरी) इलाके में सावित्री (40) अपनी भतीजी और अन्य परिजनों के साथ मजदूरी का काम कर रही थी। दोपहर के समय जब काम के बीच खाने की तैयारी हो रही थी, तभी बाइक पर एक युवक वहां पहुंचा।

आरोपी ने पहना हुआ था हेलमेट

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी ने हेलमेट पहना हुआ था ताकि उसकी पहचान न हो सके। उसने सावित्री को किसी बहाने से अपने पास बुलाया। जैसे ही सावित्री उसके करीब पहुंची, आरोपी ने बोतल में भरा तेजाब सीधे उसके चेहरे पर उड़ेल दिया।

घटना के वक्त वहां मौजूद पीड़िता की रिश्तेदार लाजवंती और भतीजी निशा ने बताया कि सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। निशा के मुताबिक, वे दोनों मिक्सचर मशीन के पास मसाला तैयार कर रही थीं और खाने के बारे में बात कर रही थीं, तभी हमलावर आया और वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और सावित्री को अस्पताल पहुंचाया।

तीन बच्चों की मां है पीड़िता

पीड़िता मूल रूप से पिछले कई वर्षों से लुधियाना में रहकर मेहनत-मजदूरी कर रही है और उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हेलमेट धारी हमलावर का सुराग लगाया जा सके। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस रंजिश समेत अन्य पहलुओं से मामले की तफ्तीश कर रही है।

Farheen
Author: Farheen

सबसे ज्यादा पड़ गई