Hisar: सीएम के हाथों सम्मानित पर्वतारोही परीक्षा में नकल कराते धरा, गेट की परीक्षा में करवा रहा था चीटिंग

Picture of PRIYA NEWSINDIA

PRIYA NEWSINDIA

SHARE:

पर्वतारोही नरेंद्र परीक्षा केंद्र के बाहर ब्लू टूथ के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर लिखवा रहा था। आरोपी परीक्षा केंद्र से मात्र 50 मीटर की दूरी से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे थे।
Mountaineer honoured by CM caught cheating in exam

मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित हो चुका पर्वतारोही व हिसार जिले का मिंगनीखेड़ा निवासी नरेंद्र को छत्तीसगढ़ पुलिस ने परीक्षा में नकल करवाते पकड़ा है। नरेंद्र छत्तीसगढ़ के रायपुर में इंजीनियरिंग स्नातक योग्यता परीक्षा (गेट) में एक परीक्षार्थी को नकल करवा रहा था। पुलिस ने परीक्षा केंद्र के बाहर से नरेंद्र सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक पर्वतारोही नरेंद्र परीक्षा केंद्र के बाहर ब्लू टूथ के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर लिखवा रहा था। उसके साथ में प्रदेश के युवक भी थे। आरोपी परीक्षा केंद्र से मात्र 50 मीटर की दूरी से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे थे। पुलिस को जैसे ही इनकी भनक लगी तो तुरंत इन्हें धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि दो लाख रुपये में यह सौदेबाजी हुई थी।

ये हैं उपलब्धियां

पर्वतारोही नरेंद्र कुमार माउंट एवरेस्ट बेस कैंप, माउंट मनास्लु, और माउंट अन्नपूर्णा जैसी विश्व की खतरनाक चोटियों पर तिरंगा फहरा चुका है। वर्ष 2019 में शुरुआत करने वाले नरेंद्र ने -40 डिग्री तापमान में 151 फीट का ध्वज फहराने और 8000 मीटर से ऊपर की चोटियां फतह करने जैसे कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्हें 2025 में ‘फिट इंडिया मिशन’ का ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया गया था। अप्रैल 2025 में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नरेंद्र को सम्मानित भी किया था।

पिता एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग से रिटायर

नरेंद्र के पिता सुभाष चंद्र एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग से ईटीओ पद से रिटायर हैं। वे अपने परिवार के साथ गांव में ही रहते हैं। उनका बड़ा बेटा एचएसवीपी में जेई के पद पर कार्यरत है, जबकि बड़े बेटे की पत्नी हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक है। उनका दूसरा बेटा भी सरकारी विभाग में जेई के पद पर है। पत्नी सरकारी बीएमएस डॉक्टर है। छोटा बेटा नरेंद्र कुमार पर्वतारोही है, जो विश्व की कई ऊंची चोटी को फतह कर वहां पर तिरंगा लहरा चुका है। नरेंद्र ने जेईई की परीक्षा भी पास की है।

PRIYA NEWSINDIA
Author: PRIYA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई