नागौद पुलिस को बड़ी सफलता: ग्राम अटरा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Picture of Shikha Bhardwaj

Shikha Bhardwaj

SHARE:

Reported by Satish

सतना। नागौद थाना क्षेत्र के ग्राम अटरा में हुए बहुचर्चित हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के मुख्य आरोपी प्रागेन्द्र सिंह उर्फ पंकज सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उपजेल नागौद भेज दिया गया। आरोपी घटना दिनांक 26 दिसंबर 2025 से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार 27 दिसंबर 2025 को फरियादी प्रहलाद सिंह उर्फ शंखू निवासी ग्राम अटरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 दिसंबर की रात लगभग 10 बजे खेत के पास आग तापने के दौरान पंकज सिंह से विवाद हुआ। आरोप है कि पंकज ने फोन कर अपने साथियों को बुलाया, जिसके बाद लाठी, रॉड, हथौड़ा और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इस दौरान द्वारिका प्रसाद पटेल के सीने पर हथौड़े से वार किया गया, जिससे उनकी गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 29 दिसंबर 2025 को आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना के बाद से मुख्य आरोपी पंकज सिंह फरार था। पुलिस अधीक्षक सतना के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही थी।

अंततः 12 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त वाहन की चाबी और दस्तावेज जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों अंकित सिंह और अमित सिंह की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय सहित पूरी टीम की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

Shikha Bhardwaj
Author: Shikha Bhardwaj

सबसे ज्यादा पड़ गई