Budaun Case: मुठभेड़ की कहानी… पुलिस की जुबानी, भीड़ से छूटकर भागे थे साजिद और जावेद; ऐसे ढेर हुआ कातिल
बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शेखूपुर इलाके में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया साजिद घटनास्थल से इकलहरी मुजाहिदपुर होते हुए भागा था, जबकि उसका भाई जावेद कुछ आगे जाकर दूसरी ओर निकल गया।

मुठभेड़ में घायल इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई के मुताबिक, वह दो बच्चों की हत्या की सूचना पर घटनास्थल की ओर बढ़ रहे थे, तभी उन्हें मंडी समिति चौकी इंचार्ज चंद्रपाल सिंह ने मोबाइल पर सूचना दी कि दो बच्चों के हत्यारे साजिद और जावेद भीड़ से छूटकर गौरीशंकर मंदिर के नजदीक से इकलहरी मुजाहिदपुर की ओर भागे हैं।





एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि फरार आरोपी जावेद की लगातार पुलिस तलाश कर रही है। उसकी तलाश में पांच टीमें लगी हुई हैं। कुछ टीमें सुरक्षा व्यवस्था संभालने में भी लगी हुई हैं। जावेद पर 25000 रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है।


एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि जावेद और साजिद पर एफआईआर दर्ज है। साजिद मुठभेड़ में मारा जा चुका है। जावेद का कुछ पता नहीं है। उसकी तलाश में 24 टीमें लगाई गईं हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी के पिता बाबू समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर अलापुर थाने में बैठा लिया है। पूछताछ की जा रही है। अब तक हत्यारोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

थाना पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से आरोपी से एक तमंचा, चार कारतूस, एक चाकूू और मोबाइल बरामद किया है। उसके मोबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया गया है। वह अपने मोबाइल पर किस किस से बात करता था। इसका पता चलेगा।

आरोपी को पुलिस ने तीन घंटे के अंदर ही मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। बुधवार की सुबह नौ बजे तक पोस्टमार्टम कराने के लिए पांच लोग पंचनामा भरने तक को नहीं पहुंचे। पुलिस ने मोहल्ले के लोगों को बमुश्किल बुलाया, तक कहीं जाकर पंचनामे की कार्रवाई हो सकी। लोग पंचनामा भरवाने से भी डर रहे थे। पुलिस ने जैसे-तैसे पंचनामा की कार्रवाई करा पोस्टमार्टम कराया। साजिद को गांव के ही कब्रिस्तान में पुलिस फोर्स की निगरानी में सुपर्दे खाक कर दिया गया है।

आरोपी साजिद के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना जब कस्बा सखानूं में पहुंची तो कस्बे में सन्नाटा पसर गया। रात में ही अलापुर थाना पुलिस ने परिवार के कुछ लोगों को गिरफ्तार कर थाने में बैठा लिया। वहीं साजिद के भाई जावेद की पुलिस ने तलाश की। मकानों में ताले डालकर लोग निकल गए। बुधवार की सुबह गलियों में सन्नाटा देखने को मिला। दोपहर बाद जब साजिद का शव घर पहुंचा तो लोग जुट गए।

हत्यारोपी साजिद का परिवार मूलरूप से अलापुर थाना क्षेत्र के गांव उपरैला का रहने वाला था। वर्ष 1989 में जन्माष्टिमी के मौके पर गांव में पालिकी निकाली जा रही थी। उसी दिन जफरुद्दीन का 12 वर्षीय बेटा हसनू लापता हो गया था। दो दिन बाद उसका गन्ने के खेत में शव पड़ा मिला था। इसमें साजिद के पिता बाबू का नाम सामने आया था। हालांकि पुलिस को उसके खिलाफ साक्ष्य नहीं मिले थे।


आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में मंगलवार की शाम को कलेजा चीर देने वाली खबर सामने आई। यहां मंडी समिति पुलिस चौकी से 500 मीटर दूर स्थित बाबा कॉलोनी में एक ठेकेदार विनोद ठाकुर के दो बेटों आयुष (13) और अहान (6) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई।
ठेकेदार के मकान के सामने हेयर सैलून चलाने वाले साजिद ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। वारदात के तीन घंटे के बाद पुलिस ने मौके से करीब दो किमी दूर घेराबंदी कर आरोपी साजिद को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई भी घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Author: planetnewsindia
8006478914