छह महीने के खुले कार्य वीजा के लिए छात्र को न्यूजीलैंड योग्यता और प्रमाणन ढांचे के पांचवें, छठे या सातवें स्तर की पात्र योग्यता पूरी करनी होगी। पढ़ाई पूर्णकालिक होनी चाहिए और न्यूजीलैंड में कम से कम 24 सप्ताह की होनी जरूरी है।

न्यूजीलैंड ने भारतीय छात्रों के लिए पोस्ट-स्टडी वर्क वीजा नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। न्यूजीलैंड के आव्रजन मंत्रालय ने 15 सितंबर 2026 को नए अल्पकालिक स्नातक कार्य वीजा की घोषणा की है।
यह नया वीजा उन छात्रों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद होगा जो पढ़ाई पूरी करने के बाद तत्काल लंबे समय के पोस्ट-स्टडी वर्क वीजा के पात्र नहीं होते। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे छात्रों को नौकरी तलाशने और रोजगार हासिल करने के लिए छह महीने का समय देना है। इस अवधि में वे मान्यता प्राप्त नियोक्ता कार्य वीजा जैसे दीर्घकालिक विकल्पों की ओर बढ़ सकेंगे।
छह महीने के खुले कार्य वीजा के लिए छात्र को न्यूजीलैंड योग्यता और प्रमाणन ढांचे के पांचवें, छठे या सातवें स्तर की पात्र योग्यता पूरी करनी होगी। पढ़ाई पूर्णकालिक होनी चाहिए और न्यूजीलैंड में कम से कम 24 सप्ताह की होनी जरूरी है। अंग्रेजी भाषा, आधारभूत और सहभागी योग्यताएं इसके दायरे में नहीं होंगी। आवेदक के पास न्यूजीलैंड में रहने के दौरान अपने खर्च के लिए कम से कम 5,000 न्यूजीलैंड डॉलर होने चाहिए। इसके अलावा, स्वास्थ्य और चरित्र संबंधी शर्तें भी पूरी करनी होंगी। आवेदन न्यूजीलैंड के छात्र वीजा की समाप्ति के तीन महीने के भीतर करना जरूरी होगा।
व्यक्ति अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पाएगा
नए वीजा की सबसे बड़ी खासियत इसका खुला कार्य अधिकार है। पात्र छात्र को पहले से नौकरी हासिल करने की जरूरत नहीं होगी। वह वीजा की शर्तों के अधीन किसी भी नियोक्ता के लिए किसी भी नौकरी में काम कर सकेगा। हालांकि, इस वीजा पर व्यक्ति अपना व्यवसाय शुरू या संचालित नहीं कर सकेगा। काम रोजगार समझौते या सेवा अनुबंध के तहत ही करना होगा।
कनाडा, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में वीजा नियमों की सख्ती, बढ़ती फीस और स्थायी निवास की अनिश्चितता के बीच पंजाब के छात्रों का रुझान न्यूजीलैंड और जर्मनी जैसे वैकल्पिक देशों की ओर बढ़ रहा है। भारत में पहले से स्नातक कर चुके पंजाब के युवाओं को न्यूजीलैंड में लेवल-7 का पात्र स्नातक डिप्लोमा करके आगे रोजगार के अवसर तलाशने का सीधा फायदा मिल सकता है। हालांकि, विशेषज्ञों ने चेताया है कि छह महीने के खुले वर्क वीजा को स्थायी निवास की गारंटी नहीं समझना चाहिए। छात्रों को पाठ्यक्रम का स्तर, अवधि, नौकरी की संभावनाएं और आगे के आव्रजन विकल्पों को ध्यान में रखकर ही फैसला लेना चाहिए।