सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने बड़ी-बड़ी रस्सियों की मदद से ट्रक तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद बेहोश पड़े चालक सोनू को ट्रक से बाहर निकाला गया।

राजस्थान में केमिकल की डिलीवरी देकर मुल्लांपुर दाखा लौट रहे ट्रक चालक की आंख लगने से वीरवार दोपहर पौने दो बजे लुधियाना-बठिंडा राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंद पड़े टोल प्लाजा के समीप खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित हुआ ट्रक सेम नाले में जा गिरा। ट्रक देखते ही देखते पानी में धंसने लगा। चालक रंजीत सिंह सोनू निवासी गांव दाखा ट्रक में ही बेहोश हो गया।
हादसे के बाद राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। नजदीक तैनात सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम को हादसे की जानकारी मिली। टीम ने बड़ी-बड़ी रस्सियों का इंतजाम किया और राहगीरों की मदद से ट्रक तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद बेहोश पड़े चालक सोनू को ट्रक से बाहर निकाला गया।
सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने घायल रंजीत सिंह सोनू को तत्काल सुधार बाजार स्थित चोपड़ा नर्सिंग होम में उपचार के लिए भर्ती करवाया। चालक से फोन नंबर लेकर उसके परिजनों और ट्रक मालिकों को भी हादसे की सूचना दी गई। समय रहते राहत मिलने के कारण सोनू की जान बच गई, लेकिन हादसे ने इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
होश में आने के बाद रंजीत सिंह सोनू ने बताया कि वह मुल्लांपुर दाखा स्थित चाचा फीड फैक्ट्री में ट्रक चालक है। वह राजस्थान में केमिकल आदि की डिलीवरी देने के बाद खाली ट्रक लेकर वापस मुल्लांपुर दाखा लौट रहा था। उसने बताया कि लंबा रूट होने के कारण उसे पर्याप्त आराम नहीं मिल पाया और नींद भी पूरी नहीं हुई थी। उसे जल्द से जल्द ट्रक लेकर फीड फैक्टरी पहुंचना था। इसी दौरान उसे नींद की झपकी आ गई और ट्रक अनियंत्रित होकर सेम नाले में जा गिरा।


