गुरकृपाल सिंह चावला बाइक के स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाते थे। वे मानसिक रूप से परेशान रहते थे और उनका इलाज चल रहा था तथा वह नियमित दवा लेते थे।

फिरोजपुर के गोल्डन इंक्लेव की कोठी नंबर-5 में रहने वाले 55 वर्षीय गुरकृपाल सिंह चावला ने सोमवार सुबह अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिजनों के अनुसार गुरकृपाल सिंह चावला की बगदादी गेट के बाहर बाइक के स्पेयर पार्ट्स की दुकान थी। परिवार में किसी तरह का विवाद नहीं था और सब कुछ सामान्य चल रहा था। परिजनों ने बताया कि गुरकृपाल मानसिक रूप से परेशान रहते थे और उनका इलाज चल रहा था तथा वह नियमित दवा लेते थे।
बताया गया कि सोमवार तड़के वह उठे और नहाने के बाद पाठ किया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य घर के कामकाज में व्यस्त थे। कुछ समय बाद गुरकृपाल अपने बेडरूम में चले गए, जहां उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली।
थाना सिटी प्रभारी सुखचैन मेहता ने बताया कि गुरकृपाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं।
