फिरोजपुर के गांव जीवां अराई में फेरों के दौरान दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। राजस्थान के छतरगढ़ से आई बरात आखिरकार बिना दुल्हन के वापस लौट गई। दुल्हन ने आरोप लगाया कि उसे शादी से पहले किसी अन्य युवक की फोटो दिखाई गई थी।

स्वतंत्रता दिवस पर फिरोजपुर के गांव जीवां अराई में एक अनोखी घटना सामने आई है। राजस्थान से आई बरात दुल्हन के बिना ही वापस लौट गई। फेरे की रस्म के दौरान दुल्हन ने दूल्हे का चेहरा देखकर शादी करने से साफ इन्कार कर दिया।
दुल्हन का बड़ा आरोप
दुल्हन का आरोप है कि उसे शादी के लिए किसी और लड़के की फोटो दिखाई गई थी। मंडप में किसी दूसरे लड़के को दूल्हा बनाकर खड़ा कर दिया गया था।
राजस्थान के छतरगढ़ निवासी दूल्हे सैमसंग ने बताया कि रिश्ता दोनों परिवारों की सहमति से तय हुआ था। मोबाइल पर भी बातचीत होती थी। दूल्हे के पिता महिंदर बाजीगर ने इसे ठगी बताया है। उन्होंने कहा कि विचोले और लड़की की मां ने उन्हें बेटे की फोटो दी थी। महिंदर बाजीगर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
आरोपों का दौर
दुल्हन ने कहा कि जबरदस्ती शादी कराने का प्रयास किया गया तो वह अपनी जान दे देगी। लड़की पक्ष के कुलदीप सिंह ने भी लड़के की फोटो बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने लड़के पक्ष से कोई पैसा लेने से इन्कार किया। कुलदीप सिंह ने बताया कि बरात को वापस लौटा दिया गया है। दूल्हे के पिता ने विचोले पर लड़की की मां को गरीब बताकर एक लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया।
