मथुरा के वृंदावन में हरियाली तीज पर गाड़ी रोकने पर अलीगढ़ की कोल सीट से भाजपा विधायक सीओ से भिड़ गए। दोनों की नोंकझोक का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा विधायक कह रहे हैं कि तानाशाही मत करो, वर्दी का सम्मान करो। हैसियत में रहो।
मथुरा के वृंदावन में हरियाली तीज पर अलीगढ़ की कोल विधासभा से भाजपा विधायक अनिल पाराशर और हाथरस के सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक के बीच तीखी नोकझोंक हुई। शनिवार शाम को यातायात व्यवस्था के दौरान अटल्ला चुंगी से पहले गाड़ी रोके जाने से नाराज विधायक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में वो कह रहे हैं कि दिमाग खराब हो गया है, हैसियत में रहो। हालांकि विधायक ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया है।
हरियाली तीज पर वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। पुलिस ने यातायात नियंत्रित के लिए कई स्थानों पर बैरियर लगाए थे। अन्य जिलों से भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। इसी के तहत हाथरस के सीओ अमित पाठक की ड्यूटी वृंदावन में लगी थी।
अटल्ला चुंगी से पहले विधायक अनिल पाराशर की गाड़ी को एक बैरियर पर रोक दिया गया। विधायक के सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को बताया कि गाड़ी में विधायक स्वयं बैठे हैं। इसके बाद भी गाड़ी को रोकने पर विधायक भड़क गए। वह गाड़ी से उतरकर सीओ के पास पहुंच गए।
थोड़ी ही देर में दोनों में नोकझोंक होने लगी। वायरल वीडियो में विधायक सीओ से कथित रूप से अभद्रता करते हुए तानाशाही करने का आरोप लगाते हुए नजर आ रहे हैं।
जानबूझकर वीडियो किया वायरलः विधायक
विधायक अनिल पाराशर ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि वह अटल्ला चुंगी स्थित बालाजी आश्रम अपने परिचित के पास जा रहे थे। विधायक का आरोप है कि सीओ ने उनके स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया।
विधायक अनिल पाराशर ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि वह अटल्ला चुंगी स्थित बालाजी आश्रम अपने परिचित के पास जा रहे थे। विधायक का आरोप है कि सीओ ने उनके स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया।
उनके स्वयं गाड़ी में होने की जानकारी मिलने के बाद भी क्षेत्राधिकारी ने कहा कि जिसे जरूरत है, वह खुद उनके पास आए। विधायक ने सीओ पर दुश्मन जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इस संबंध में एसएसपी मथुरा से भी बात की थी। विधायक ने कहा कि सीओ ने बाद में इसे गलतफहमी बताया।

