Varanasi News: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में वाराणसी में युवा सड़कों पर उतर आए हैं। इसे लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है।

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में युवा सड़कों पर उतर आए हैं। वाराणसी समेत आसपास के जिलों में भी यह प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और बीएचयू में छात्रों ने विरोध का एलान किया। ऐसे में पुलिस फोर्स अलर्ट हो गई है। उधर, बीएचयू में भी छात्रों द्वारा विरोध प्रदर्शन पिछले तीन दिन से जारी है। बुधवार को भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इसके साथ ही पीएमओ पर भी पुलिस तैनात है।
बुधवार की सुबह महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रों के विरोध प्रदर्शन की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
पूरा परिसर पुलिस छावनी में बदल गया। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारी परिसर में पैदल मार्च कर रहे थे।
बीएचयू में तीन दिन से प्रदर्शन
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में छात्र-छात्राएं पिछले तीन दिन से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जंतर-मंतर की घटना के बाद से ही यहां छात्रों में आक्रोश है।
बुधवार को बीएचयू परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
वाराणसी में स्थित प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय पर एहतियातन पुलिस तैनात है।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्र-छात्राओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए आरआरएफ तैनात है।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में भारी संख्या में जुटे छात्र- छात्राओं ने जमकर नारेबाजी की। जंतर- मंतर में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में छात्रों ने प्रदर्शन शुरू किया।