होटल के कमरे से मिली दो लाश: प्रेमिका को गोली मार युवक ने दी जान, दोनों शादीशुदा थे और दूर के रिश्तेदार भी

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

तरनतारन निवासी हरप्रीत कौर और फिरोजपुर के मनजीत सिंह शादीशुदा थे। दोनों की लाश होटल के कमरे से मिली है। कमरे से 9 एमएम की पिस्टल भी बरामद हुई है।

Man woman dead body found in hotel of khanna

खन्ना के एक नामी होटल में बुधवार शाम एक युवक और महिला के खून से लथपथ शव कमरे से बरामद हुए। दोनों के सिर में गोली लगी थी। माैके से 9 एमएम की पिस्टल भी मिली।

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक ने पहले महिला की हत्या की। इसके बाद खुद को गोली मार ली।

जानकारी के अनुसार, युवक और महिला बुधवार तड़के होटल के कमरा नंबर 104 में पहुंचे थे। काफी देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर होटल कर्मचारी को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने पर जवाब नही मिला तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर दोनों के शव पड़े थे।

मृतक महिला की पहचान तरनतारन निवासी हरप्रीत कौर के रूप में हुई है। युवक की पहचान फिरोजपुर निवासी मनजीत सिंह के तौर पर हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों शादीशुदा थे। महिला के दो और युवक का एक बच्चा है। दोनों दूर के रिश्तेदार थे और उनके बीच प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं।

होटल प्रबंधन की लापरवाही

जांच के दौरान एक बड़ा खुलासा हुआ है। होटल प्रबंधन ने कथित तौर पर दोनों से कोई वैध पहचान पत्र नहीं लिया था। उन्हें बिना पहचान पत्र के ही कमरा उपलब्ध करा दिया गया था। इस लापरवाही ने होटल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत होटल पहुंची थी। कमरे से 9 एमएम की पिस्टल बरामद हुई है। युवक के माथे और महिला की कनपटी पर गोली लगी थी। कमरे से मिले मोबाइल फोन से दोनों की पहचान हुई। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

मौत के कारण की पड़ताल

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या हुआ। मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

डीएसपी विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या हुआ और मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

Farheen
Author: Farheen